पेरिस: भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट के डिसक्वालिफाई होने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया देने लगे हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और कैसरगंज से सांसद करण भूषण सिंह ने भी इस घटना पर अपनी बात रखी है।
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक 2024 से अयोग्य घोषित हो जाने पर भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने कहा, "यह देश के लिए नुकसान है। फेडरेशन इस पर विचार करेगा और देखेगा कि इस मामले पर क्या कुछ किया जा सकता है।"
वहीं भारतीय ओलंपिक संघ ने विनेश फोगाट की खबर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 'हमें यह खबर देते हुए खेद हो रहा है कि विनेश फोगाट महिला कुश्ती के 50 किलो वर्ग से अयोग्य घोषित कर दी गई है। पूरी रात टीम के अथक प्रयासों के बावजूद सुबह उसका वजन 50 किलो से अधिक पाया गया।'
साथ ही यह भी कहा गया कि 'भारतीय दल इस समय कोई और बयान नहीं देगा। भारतीय टीम आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करती है। भारतीय दल इस समय आगामी स्पर्धाओं पर फोकस करना चाहेगा।'
जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी ने आईओए अध्यक्ष पीटी उषा विनेश के अयोग्य घोषित होने के बाद भारत के पास क्या विकल्प हैं इस बारे में भी भी जानकारी ली है। उन्होंने विनेश के मामले में मदद के लिए सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा है। साथ ही उन्होंने पीटी उषा से विनेश की मदद के लिए उनकी अयोग्यता के बारे में कड़ा विरोध दर्ज कराने का भी आग्रह किया है।