Highlights:
ब्राजील में फुटबॉल का मुकाबला जंग का अखाड़ा बन गया।
अंडर-20 चैंपियनशिप के एक मुकाबले में रेफरी को कुल 53 रेड कार्ड दिखाने पड़े।
फुटबॉल मैच में रेड कार्ड दिखाने का पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड टूट गया।
Football Red Card Record: फुटबॉल के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच विवाद और हाथापाई की घटनाएं कई बार देखने को मिली हैं। हालांकि, हाल ही में ब्राजील में एक मैच के दौरान गोल का जश्न मनाने को लेकर इतनी बड़ी लड़ाई छिड़ गई कि इसने एक पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फुटबॉल के मैदान पर अनुशासन की सारी सीमाएं टूट गईं, जब ब्राजील में अंडर-20 चैंपियनशिप के एक मुकाबले में रेफरी को कुल 53 रेड कार्ड दिखाने पड़े। इस घटना के साथ एक मैच में सर्वाधिक रेड कार्ड दिखाए जाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूट गया।
यह घटना रविवार को उबरलैंडिया और मामोरे के बीच स्टेट चैंपियनशिप के सेमीफाइनल के पहले चरण में हुई। दूसरे हाफ में उबरलैंडिया के एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद उसके कुछ अधिकारियों ने मैदान में प्रवेश कर लिया।
इसके चलते मुकाबला करीब 40 मिनट तक रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने के बाद मामोरे ने इंजरी टाइम के नौवें मिनट में गोल कर 3-1 की बढ़त बनाई।
रेफरी ने धमकियां मिलने और मैच के बाद मामोरे के ड्रेसिंग रूम में तोड़फोड़ की शिकायत भी दर्ज कराई। इससे पहले सर्वाधिक रेड कार्ड का रिकॉर्ड 36 था, जो फरवरी 2011 में अर्जेंटीना के एटलेटिको क्लायपोले और विक्टोरियानो एरेनास के बीच मुकाबले में बना था। घटना के बाद उबरलैंडिया ने बुधवार को सेमीफाइनल का दूसरा चरण नहीं खेलने का फैसला किया।
फुटबॉल मैच में गोल के जश्न के दौरान मामोरे के खिलाड़ी डावी द्वारा विरोधी खिलाड़ियों को उकसाने के बाद दोनों टीमों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मैदान पर अफरा-तफरी मच गई।
रेफरी फर्नाडो पैट्रिक ड्रोशिक मोडेस्टो ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दूसरे हाफ के 54वें मिनट में सामूहिक झड़प के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों का संभालना मुश्किल पड़ गया।
सुरक्षा कारणों के कारण मुकाबला को वहीं खत्म करना पड़ा। इस घटना में 43 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ के 8 सदस्यों और उबरलैडिया के 2 पदाधिकारियों को रेड कार्ड दिखाए गए। इस झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।