मीरपुर, साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) की फिल्म 'पुष्पा' (Pushpa) का सब पर खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। क्या आम जनता और क्या क्रिकेटर्स! हर कोई अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्प' के गाने और डायलॉग की एक्टिंग कर रहे है। देश के अलावा विदेश में भी इस फिल्म का जादू छाया है। हाल ही में मैच के दौरान एक खिलाड़ी अल्लू अर्जुन की एक्टिंग करते हुए नज़र आया है। इस खिलाड़ी का नाम शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) है।
दरअसल बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL 2022) का मुकाबला कोमिला विक्टोरियंस (Comilla Victorians) और फॉर्च्यून बारिशल (Fortune Barishal) के बीच मीरपुर स्थित शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। यह मैच कोमिला विक्टोरियंस ने 63 रनों जीत लिया। इस मैच के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट टीम के 34 वर्षीय अनुभवी ऑलराउंडर खिलाड़ी शाकिब अल हसन को सफलता प्राप्त करने के बाद अनोखे अंदाज में 'श्रीवल्ली हुक स्टेप' करते हुए देखा गया।
सोशल मीडिया पर फॉर्च्यून बारिशल के कप्तान शाकिब अल हसन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह कोमिला विक्टोरियंस के बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस का विकेट चटकाने के बाद पुष्पा फिल्म के एक चर्चित स्टाइल में जश्न मनाते हुए नजर आए। इस वायरल वीडियो में देख सकते है कि, जियाउर रहमान ने जैसे ही डु प्लेसिस का कैच लपका वैसे ही हसन जश्न मनाते हुए 'श्रीवल्ली हुक स्टेप' करने लगे।
बता दें कि, इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर और भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा, सुरेश रैना, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने भी फिल्म 'पुष्पा' के फेमस हुक स्टेप पर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।