नागोया में एशियन गेम्स से पहले भारी बारिश  (सोर्स - सोशल मीडिया)
खेल

एशियन गेम्स 2026 से पहले नागोया में भारी बारिश, 400 खिलाड़ियों और स्टाफ को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया

Asian Games 2026: जापान के नागोया में एशियन गेम्स 2026 से ठीक पहले भारी बारिश और बाढ़ के कारण करीब 400 खिलाड़ियों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है।

सृष्टि मौर्य

Nagoya Heavy Rain Forces Evacuation Of 400 Athletes: जापान के नागोया में एशियन गेम्स 2026 से पहले भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई। मंगलवार को शहर में एक घंटे में 104 मिमी बारिश हुई, जिसके बाद प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए निकासी आदेश जारी किया गया।

गार्डन पियर में ठहरे एशियन गेम्स के खिलाड़ियों और स्टाफ को भी एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा के मुताबिक, अस्थायी आवास में रह रहे करीब 400 खिलाड़ियों और स्टाफ को भारी बारिश के दौरान ऊंची जगह पर पहुंचाया गया।

खिलाड़ी अपने अस्थायी आवासों में लौट आए

निकासी आदेश करीब 2 घंटे बाद वापस ले लिया गया, जिसके बाद खिलाड़ी और स्टाफ अपने आवास में लौट आए। कुछ इमारतों की छतों से पानी टपकने की खबर है, लेकिन खिलाड़ियों के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

मेयर हिरोसावा ने कहा कि प्रतियोगिता स्थलों को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और एशियन गेम्स तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश से हुआ नुकसान इतना गंभीर नहीं है कि 19 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह पर असर पड़े।

सबसे ऊंची चेतावनी जारी की गई

भारी बारिश का असर नागोया के परिवहन नेटवर्क पर भी पड़ा। कुछ समय के लिए मेट्रो और बस सेवाएं रोकनी पड़ीं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इलाके की एक बड़ी नदी के लिए बाढ़ की सबसे ऊंची चेतावनी जारी की। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, करीब 3,500 लोगों ने आपातकालीन राहत केंद्रों में शरण ली।

कुछ ऐसे स्थानों पर भी बारिश का पानी पहुंचा है जहां एशियन गेम्स की प्रतियोगिताएं होनी हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि नुकसान सीमित है और खेलों के कार्यक्रम पर इसका असर नहीं पड़ेगा।

हर बार से अलग व्यवस्था

इस बार एशियन गेम्स में पारंपरिक खिलाड़ियों के गांव की व्यवस्था नहीं है। खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए क्रूज जहाज, होटल और अस्थायी लकड़ी के आवास का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस आयोजन में 17,000 से ज्यादा खिलाड़ियों और अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है।एशियन गेम्स का उद्घाटन समारोह 19 सितंबर को होगा, हालांकि कुछ खेल इससे पहले शुरू हो जाएंगे। बास्केटबॉल की प्रतियोगिता गुरुवार से शुरू होने वाली है।

Ganesh Chaturthi 2026: आंध्र प्रदेश में सभी गणेश पंडालों को मिलेगी मुफ्त बिजली, नारा लोकेश का बड़ा ऐलान

राजनाथ सिंह ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति से की मुलाकात, सुरक्षा-शांति का दोहराया संकल्प, अहम मुद्दों पर बनी सहमति

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प अभियान चलाएगी BJP, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी पर जोर

BRS के कई विधायक सस्पेंड, सदन में नारेबाजी और हंगामे पर स्पीकर का एक्शन; तेलंगाना में कई नेताओं पर FIR

हिम्मत कैसे हुई मजिस्ट्रेट की? कॉकरोच को 5 लाख का नोटिस देने पर भड़के CJI, अधिकारियों को लगाई फटकार