India Beat South Korea 8-2 In Men's Hockey: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। भारत ने गुरुवार को एकतरफा मुकाबले में साउथ कोरिया को 8-2 से हराया।
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। शिलानंद लाकड़ा ने चौथे मिनट में भारत के लिए पहला गोल किया। इसके बाद सुखजीत सिंह ने 10वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर के खत्म होने से पहले अभिषेक ने 15वें मिनट में गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में साउथ कोरिया के डिफेंस ने कुछ समय तक भारत को रोककर रखा। हालांकि, 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। इसके छह मिनट बाद दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत का स्कोर 6-0 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा। अभिषेक ने 38वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और भारत को 7-0 से आगे कर दिया। इसके बाद साउथ कोरिया ने वापसी की कोशिश की। किम जेहो ने 42वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल किया। इसके 10 मिनट बाद किम योंग बोक ने दूसरा गोल कर स्कोर 7-2 कर दिया।
आखिरी क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल किया और टीम ने मुकाबला 8-2 से अपने नाम कर लिया। भारत ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर की थी। इसके बाद टीम ने श्रीलंका को 16-1 से मात दी थी। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा।