पेरिस. भारत के युवा रेसलर अमन सहरावत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। उन्होंने प्यूर्तो रिको के रेसलर डिरियन क्रूज को 13-5 से हराया। अमन को सेमीफाइनल में जापान के रेई हिगुची से हार का सामना करना पड़ा था।
अमन ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में शुरू ही से दबाव बनाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को ज्यादा मौके नहीं दिए और लगातार अटैक करते हुए पॉइंट्स अपने नाम करते गए। अमन के लगातार आक्रामक खेल के चलते क्रूज काफी थक गए थे, जिसके बाद वह एक समय रुक गए और चोट का नाटक करने लगे। हालांकि, इसका क्रूज को कोई फायदा नहीं हुआ और अमन आसानी से जीत गए।
बता दें कि अमन ने प्री क्वार्टर फाइनल में पूर्व यूरोपीयन चैंपियन नॉर्थ मासेडोनिया के व्लादिमिर इगोरोव को 10-0 और क्वार्टर फाइनल में अल्बेनिया के जेलीमखान अबाकारोव को 12-0 हराया था।
ब्रॉन्ज मेडल जितने पर प्रधानमंत्री मोदी ने अमन को बधाई दी। उन्होंने कहा, "हमारे पहलवानों ने हमें और भी गौरवान्वित किया है! पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की फ़्रीस्टाइल 57 किलोग्राम में कांस्य पदक जीतने के लिए अमन सेहरावत को बधाई। उनकी लगन और दृढ़ता साफ़ तौर पर दिखाई देती है। पूरा देश इस उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न मना रहा है।"
भारत का पेरिस ओलंपिक में यह छठा पदक है। इससे पहले निशानेबाजी में मनु भाकर (10 मीटर एयर पिस्टल), मनु भारत और सरबजोत सिंह (10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम), स्वप्निल कुसाले (50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस) और भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीते जबकि स्टार भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने रजत पदक हासिल किया।
गौरतलब है कि भारत ने 2008 के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीता है और यह सिलसिला अमन ने जारी रखा। सुशील कुमार ने बीजिंग (2008) में कांस्य, योगेश्वर दत्त ने लंदन (2012) में , साक्षी मलिक ने रियो (2016) ने कांस्य , रवि दहिया और बजरंग पूनिया ने तोक्यो 2021 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। (एजेंसी इनपुट के साथ)