नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) का आगाज हो चुका है। फ़िलहाल इस समय सभी टीमें अपना वार्म-अप मैच खेल रही है। ऐसे में पाकिस्तान टीम के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Afridi) ने भी अपनी दमदार वापसी का संकेत दे दिया है। चोट के बाद वापसी करते हुए शाहीन अफरीदी ने वॉर्म-अप मैच में घातक गेंदबाजी की।
दरअसल, पाकिस्तान टीम ने बुधवार को अफगानिस्तान (PAK vs AFG Warm-Up Match) के खिलाफ अपना दूसरा वार्म-अप मैच खेला। इस मुकाबले में शाहीन अफरीदी ने पहले ओवर में ऐसी घातक गेंदबाजी की और सटीक यॉर्कर डाली, जिसकी वजह से अफगानिस्तानी ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज़ (Rahmanullah Gurbaz) के पैर का अंगूठा बुरी तरह घायल हो गया। सोशल मीडिया (Social Media) पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि, सलामी बल्लेबाज गुरबाज को पीठ पर उठाकर मैदान के बाहर ले जाया जा रहा है।
https://twitter.com/hf_302/status/1582573045071327232
बता दें कि, मैच में अफगानिस्तान टॉस हारकर पहले बैटिंग कर रही थी। जहां पहला ओवर अफरीदी ने किया। अपनी ओवर की पांचवीं बॉल उन्होंने काफी तेजी से यॉर्कर के लिए डाली, जिसे गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz Injured) खेल नहीं सके और बॉल सीधे उनके बाएं पैर के अंगूठे पर जाकर लगी। बॉल लगने के बाद वह दर्द से कराहने लगे और अंपायर ने उन्हें LBW आउट भी करार दिया। जिसके बाद उनकी हालत इतनी ख़राब हो गई थी कि, वह चल भी नहीं पा रहे थे।
इसके बाद ड्रेसिंग रूम से स्टाफ और खिलाड़ी आए और गुरबाज को पीठ पर उठाकर बाहर ले गए। ऐसा बताया गया है कि, गुरबाज को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया। हालांकि उनकी यह चोट कितनी गंभीर है इसकी जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, अगर उनकी चोट गंभीर होगी तो अफगानिस्तान के लिए यह वर्ल्ड कप में बड़ा झटका हो सकता है।