Tamil Nadu Election Freebie: पहली बार तमिलनाडु में 1967 के विधानसभा चुनाव के मौके पर तत्कालीन मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई ने राशन दुकानों से सिर्फ 1 रुपए में 4.5 किलो चावल देने की घोषणा की थी। तब माना गया था कि यह एक कल्याणकारी सरकार का गरीबों को राहत देने वाला उचित कदम है। तब से 59 वर्षों का समय बीत गया लेकिन तमिलनाडु में मुफ्त खैरात या फ्रीबीज की परंपरा और भी मजबूत और व्यापक हो गई है। वहां चुनाव में वोट हासिल करने के लिए राज्य की 8 करोड़ 58 लाख की आबादी को नकद रकम, रेफ्रिजरेटर, दाल, चीनी, खाने का तेल तथा रसोई गैस सिलेंडर का ऑफर दिया जा रहा है।
सत्तारूढ़ डीएमके ने कलैग्नार मगलीर उरीमाई थोगाई योजना के तहत महिलाओं के बैंक खाते में 5,000 रुपए जमा किए हैं। यह योजना प्रतिमाह 1,000 रुपए देने की है जिसके अनुसार जनवरी, फरवरी और मार्च के 3,000 रुपए तथा ग्रीष्म राहत के तौर पर 2000 रुपए हजार रुपए महिलाओं इस प्रकार कुल 5 के अकांउट में डाले गए हैं।
डीएमके ने यह भी वादा किया है कि यदि वह चुनाव जीतकर फिर सत्ता में आई तो गृहिणियों को घरेलू सामान की खरीदी के लिए 8,000 रुपए का कूपन देगी। वरिष्ठ नागरिकों व विधवाओं की मासिक पेंशन वर्तमान 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दी जाएगी। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को दिया जाने वाला भत्ता बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह किया जाएगा।
डीएमके ने राज्य के 35 लाख छात्र-छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप देने की घोषणा की है। राज्य में 2021 से महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त प्रवास की सुविधा चली आ रही है। इस तरह डीएमके भारी नकद हस्तातरण के साथ ही कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार कर रही है। इसे देखते हुए प्रमुख विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके ने और भी बढ़-चढ़कर चुनावी वादे किए हैं। इसके नेताओं ने कहा है कि यदि पार्टी चुनाव जीतकर सत्ता में आई तो महिलाओं को हर माह 2,000 रुपए देगी तथा एकमुश्त 10,000 रुपए उनके खाते में डाल देगी।
यह भी पढ़ें:- स्टालिन या पलानीस्वामी… तमिलनाडु में किसका चलेगा जादू, TVK बिगाड़ेगी किसका खेल? ताजा सर्वे देख रह जाएंगे दंग
AIADMK ने हर परिवार को 1 रेफ्रिजरेटर तथा 5 LPG सिलेंडर मुफ्त देने का वादा किया है। पार्टी के नेता ई। पलानीस्वामी ने कहा कि चुनाव जीतने पर हर परिवार को राशन दुकानों से चावल, दाल, शक्कर व खाद्यतेल मुफ्त में दिया जाएगा। यदि डीएमके ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दे रखी है तो एआईएडीएमके ने कहा है कि महिलाओं के साथ पुरुषों को भी मुफ्त बस प्रवास मुहैया कराएगी। अभिनेता विजय भी समझ गए हैं कि सिर्फ स्टार होने की वजह से जीतना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी ने जीतकर सरकार बनाई तो वह हर परिवार को 6 एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देंगे।
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा