सोनिया गांधी ने राजीव गांधी से पहली मुलाकात का पुराना वीडियो साझा कर प्रेम की यादें ताजा कीं।
कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई मुलाकात से दोनों की प्रेम कहानी शुरू हुई।
सोनिया गांधी की आत्मकथा में राजीव गांधी से प्रेम और जीवन के अनकहे पहलुओं का जिक्र होगा।
प्रेम की यादों के बहाने मौजूदा राजनीतिक कटुता पर व्यंग्य किया गया।
Sonia Rajiv Gandhi Love Story: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने 'एक्स' पर पहली बार 'जब वी मेट' स्टाइल में वह पुराना वीडियो शेयर किया है जिसमें वह कैर्मब्रज के एक छोटे ग्रीक रेस्टोरेंट में राजीव गांधी से मिली थीं। वहीं से उनकी प्रेमयात्रा की शुरुआत हुई थी।'
हमने कहा, 'राजनीतिक नफरत के वर्तमान माहौल में अपनी मोहब्बत का बखान करना एक शीतल मंद समीर के सुखद झोंके के समान है। सोनिया गांधी ने याद किया कि उन्हें पहली मुलाकात में राजीव गांधी बहुत शरीफ और बेहद खूबसूरत व्यक्ति नजर आए। इस भेंट को वह कभी भूल नहीं सकतीं। इसने प्रेम की ऐसी यात्रा शुरू कर दी और ऐसा विश्व बना दिया जो प्यार, हंसी-खुशी व दिलकश स्मृतियों से परिपूर्ण था। राजीव को देखते ही सोनिया ने तत्काल महसूस किया कि यह ऐसे इंसान हैं जिनसे वह सचमुच प्यार कर सकती हैं। दोनों मित्र बन गए और साथ में समय बिताने लगे।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, सोनिया गांधी अपने जीवन के तमाम अध्यायों को याद कर रही हैं। उनका भाग्य उन्हें इटली से भारत ले आया। उन्होंने हिंदी सीखी और भारतीय पहनावा अपनाया। यहां कवि हरिवंश राय बच्चन व उनकी पत्नी तेजी ने शादी में उनका कन्यादान किया था। अमिताभउनके मुंहबोले भाई बने थे। सोनिया ने दुख भी बहुत झेले। उनकी आंखों के सामने उनकी सास इंदिरा गांधी की उनके अंगरक्षकों ने गोलियों की बौछार कर हत्या कर दी। एयरलाइंस में पायलट की नौकरी छोड़ राजनीति में आए राजीव गांधी की श्रीपेरुम्बदुरू में लिट्टे ने मानवबम धमाके में हत्या कर दी। जब 2004 में कांग्रेस पार्टी और संसदीय दल सोनिया को प्रधानमंत्री बनाना चाहता था तो उन्होंने त्याग करते हुए मनमोहन सिंह को पीएम बनवा दिया। वह अपनी पुस्तक 'बिलॉगिंग ए जर्नी ऑफ लव' में बहुत-सी अनकही बातें प्रस्तुत करेगी। 79 वर्ष की उम्र में यह सोनिया की आत्मकथा होगी। राजीव गांधी से अपने प्रेम के बारे में उन्होंने बड़ी आत्मीयता से लिखा है।'
हमने कहा, 'अब वक्त कितना बदल गया! मोहब्बत की दुकान चलाने वाले राहुल गांधी तेजतर्रार तरीके से मोदी सरकार व मुख्य चुनाव आयुक्त से भिड़ रहे हैं। माहौल ऐसा है कि आप कहकर सम्मान देने की बजाय कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे सीधे 'बाप' का उल्लेख कर रहे हैं।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा