Highlights:
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने दो एसपीओ बाबी चंद और रशपाल कुमार का अपहरण कर हत्या कर दी।
किश्तवाड़ और कुलगाम में आतंकी हमलों से सुरक्षाबलों की चिंता बढ़ी है।
लेख में आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करने, मुखबिरों की सुरक्षा और सीमा पर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत बताई गई है।
Jammu Kashmir Security Forces Targeted: जम्मू-कश्मीर में किसी भी तरह का अमन-चैन आतंकियों को फूटी आंख नहीं सुहाता। वह चाहते हैं कि घाटी में खौफ और अलगाववाद बना रहे। हाल ही श्रीनगर के लालचौक पर मनाई गई दिवाली देश के दुश्मन आतंकवादियों को अखर गई। शांति और निडरता के इस माहौल को देखकर उनके सीने पर सांप लोटने लगा। इन दरिंदों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2 एसपीओ का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी।
यह एसपीओ बाबी चंद और रशपाल कुमार पुलिस के स्पेशल आपरेशंस ग्रुप में तैनात थे। दोनों किश्तवाड़ के कियार गांव में तैनात थे। पुलिस, सीआरपीएफ व सेना के संयुक्त खोजी अभियान के बावजूद यह हत्याएं हो गई। इसके पहले गत 14 अक्टूबर को एसपीओ बशीर अहमद अपनी पेडिल स्थित चौकी से लापता हो गया था। इसके 2 दिन बाद उसका शव उसके घर के पास पाया गया।
हाल की घटना से पता चलता है कि किश्तवाड़ में आतंकियों की हलचलें बढ़ गई हैं। वह वहां रहनेवाले या तैनात सुरक्षाकर्मियों को डराते धमकाते और घेरकर अपहरण व हत्या कर देते हैं। ऐसे सुरक्षाकर्मियों के लिए ज्यादा खतरा है जो स्थानीय हैं, क्षेत्र के चप्पे-चप्पे की जानकारी रखते हैं व खुफिया जानकारी जुटा लेते हैं। इसके अलावा बुधवार को कुलगाम के मीरबाजार के निकट अखरान में सीआरपीएफ चौकी पर आतंकियों ने गोलीबारी की जिसमें 3 जवान घायल हुए।
जंगल, पहाड़ व गुफाओं वाले दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर आतंकियों ने हमले तेज कर दिए हैं। हत्यारों को खोजना, शत्र बरामद करना तथा आतंकी नेटवर्क को खत्म करना सुरक्षाबलों की प्राथमिकता होनी चाहिए। सुरक्षाबल उसे जानकारी देनेवाले मुखबिरों को भी पूरी सुरक्षा प्रदान करें।
माना जाता है कि इस समय कश्मीर में 80 विदेशी आतंकवादी सक्रिय हैं जो पाकिस्तानी आतंकियों से मिलकर हिंसा कर रहे हैं। कुलगाम व किश्तवाड़ की घटनाएं आतंकवाद के अब भी जिंदा रहने का प्रमाण हैं। इसके उन्मूलन में अभी और समय लग सकता है। बर्फबारी तेज होने पर सीमा पार से घुसपैठ बढ़ जाती है क्योंकि कंटीले तार की बाड़ भी बर्फ के नीचे दब जाती है। जब भी जम्मू कश्मीर में शांति-व्यवस्था का आभास होता है और नागरिक राहत महसूस करते हैं तभी बौखलाए हुए आतंकवादी हत्याओं को अंजाम देकर खौफ फैलाने की कोशिश करते हैं।
सीमावर्ती प्रदेशों में सजगता रखना बेहद जरूरी है। आपरेशन सिंदूर के बावजूद पाकिस्तान का रवैया सुधरा नहीं है। वह प्रशिक्षित आतंकियों को लांच पैड़ पर तैयार रखता है और मौका पाते ही अपने रेंजर्स की देखरेख में उनकी कश्मीर घाटी में घुसपैठ कराता है। कुलगाम जिले के आखरन-नौपुरा में 2 आतंकी बाइक पर आए और कुछ ही सेकंड में 30 राउंड फायरिंग कर जंगलों में भाग गए। उनके ऐसे दुस्साहस का सुरक्षा बल मुंहतोड़ जवाब दिए बिना नहीं रहेंगे। अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद से पाकिस्तान फिर अपनी ओछी हरकतों पर उतर आया है।