Highlights:
भारत के सबसे बड़े आईपीओ की काउंटडाउन शुरू हो चुका है
जियो का यह आईपीओ 21 अक्टूबर को निवेशकों के लिए खुलेगा
जियो ने ₹1,065- ₹1,119 प्रति शेयर के प्राइस बैंड तय किया है
Jio Platform IPO Explained: भारत के सबसे बड़े इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) का काउंटडाउन शुरू हो गया है। देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के समर्थन वाले जियो प्लेटफॉर्म्स के आइपीओ में सब्सक्रिप्शन पीरियड शुरू होने से पहले ही निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। जियो आईपीओ के ताजा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) से 19.75% लिस्टिंग गेन यानी मुनाफे के संकेत मिल रहे हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स निवेशकों के लिए 1,065 रुपये और 1,119 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर ऑफर कर रहा है। जिससे जियो IPO प्राइस बैंड के ऊपरी सिरे पर 30,213 करोड़ रुपये का इश्यू बन जाता है। अब सभी की निगाहें भारत के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ की ओपनिंग पर हैं।
इस बीच देश में आईपीओ खूब चर्चा में है, तो आइए आइपीओ से जुड़े हर सवालों का जवाब इस एक्सप्लेनर के जरिए आसान भाषा में समझते हैं।
इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) एक प्रक्रिया है, जिसके तहत प्राइवेट कंपनियां सार्वजनिक निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए अपने शेयर पब्लिक को बेचती हैं। आइपीओ के रास्ते एक प्राइवेट कंपनी बाजार में लिस्ट होने पब्लिक कंपनी में बदल जाती है। यह प्रोसेस निवेशकों को अपने निवेश पर अच्छा रिटर्न कमाने का मौका भी देता है।
अगर आप एक जानकार निवेश हैं तो आईपीओ में निवेश करना एक स्मार्ट कदम हो सकता है। लेकिन हर नया आइपीओ कमाई एक बड़ा मौका नहीं होता। फायदे और रिस्क साथ-साथ चलते हैं। किसी भी आइपीओ में निवेश करने से पहले बेसिक बातें समझना जरूरी है।
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का यह आईपीओ मुख्य रूप से अपनी पेरेंट कंपनी, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के लिए शेयरहोल्डर वैल्यू अनलॉक करने और अपनी टेलीकॉम सब्सिडियरी, रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड (RJIL) के भारी कर्ज को चुकाने के लिए लॉन्च किया जा रहा है।
नेट इनकम का मुख्य इस्तेमाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम द्वारा उधार लिए गए लगभग 27,500 करोड़ रुपये के कर्ज को चुकाने लिए किया जाएगा। इससे टेलीकॉम कंपनी की बैलेंस शीट काफी साफ हो जाएगी।
अंबानी के रणनीति का अहम हिस्सा
यह IPO अरबपति मुकेश अंबानी के रणनीतिक रोडमैप में एक अहम पड़ाव है, जिससे रिलायंस को एक पुराने ऑयल और केमिकल ग्रुप से उपभोक्ता-केंद्रित टेक्नोलॉजी और रिटेल पावरहाउस में बदला जा सके।
टेक्नोलॉजी विस्तार के लिए फंडिंग
एक बड़े डिजिटल इकोसिस्टम को चलाने के लिए बहुत ज्यादा फंड की जरूरत होती है। यह फंड उनके देश भर में 5G नेटवर्क (जैसे JioAirFiber), क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), और भविष्य के 6G विकसित में चल रहे निवेश को बढ़ावा देगा।
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ (IPO) का प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यहां प्राइस बैंड का मतलब वह न्यूनतम और अधिकतम मूल्य सीमा होती है, जिसके बीच निवेशक किसी शेयर या आईपीओ के लिए बोली लगाते हैं। उदहारण के लिए जियो आइपीओ के लिए बोली लगाने की न्यूनतम सीमा 1,065 रुपये है, जबकि अधिकतम सीमा 1,119 रुपये तय किया गया है।
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में आम (खुदरा) निवेशकों के लिए 12 शेयरों का 1 लॉट तय किया गया है। लॉट का मतलब है कि जब कोई कंपनी आईपीओ लाती है, तो निवेशक सीधे एक-दो शेयर नहीं खरीद सकते; उन्हें कंपनी द्वारा तय किए गए न्यूनतम लॉट साइज के हिसाब से आवेदन करना होता है। उदहारण के लिए जियो आइपीओ की बात करें तो इसमें लॉट साइज 12 शेयरों का है।
अगर आप न्यूतम मूल्य पर जियो IPO में बोली लगाते हैं, तो आपको उसके लिए एक साथ 12 शेयरों का कीमत चुकाना होगा। जैसे कि-
12 x 1,119= 13,428 रुपये (अधिकतम मूल्य पर)
12 x 1,065= 12,780 रुपये (न्यूनतम मूल्य पर)
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह से 'फ्रेश इश्यू' के रूप में आ रहा है, जिसका मतलब है कि इसमें कोई 'ऑफर फॉर सेल' (OFS) या पुराने निवेशकों की तरफ से शेयरों की बिक्री नहीं हो रही है। चूंकि यह डिमर्जर (Demerger) नहीं बल्कि एक आईपीओ है, इसलिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के मौजूदा शेयरधारकों को जियो के शेयर मुफ्त में या अपने आप नहीं मिलेंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए इस आईपीओ में 2,500 करोड़ रुपये का एक विशेष आरक्षित कोटा रखा गया है। इसके तहत रिलायंस के पुराने निवेशक इस कोटे के अंतर्गत अलग से आवेदन कर सकते हैं (जिसकी सीमा प्रति बोली ₹2 लाख तक है और इसमें अलॉटमेंट की गारंटी नहीं होती)।
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा और 23 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। अगर आप इस आईपीओ में निवेश करना चाहते हैं, तो आपके पास एक एक्टिव डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट होना चाहिए। जैसे- ग्रो, जेरोधा, अपस्टॉक्स, एंजेल वन या किसी बैंक के माध्यम से भी निवेश किया जा सकता है।
Jio IPO बुकिंग की प्रक्रिया
अपने ब्रोकर या बैंक के ट्रेडिंग ऐप में लॉगिन करें और 'IPO' सेक्शन में जाएं।
लाइव आईपीओ की लिस्ट से जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को चुने।
अपना लॉट साइज चुने (न्यूनतम 1 लॉट यानी 12 शेयर)
कट-ऑफ प्राइस (Cut-off price) बॉक्स को चुनें ताकि ऊपरी कीमत पर बोली लग सके।
UPI या ASBA के जरिए पेमेंट
अपना UPI ID दर्ज करें।
आवेदन जमा करने के बाद अपने UPI ऐप (जैसे Google Pay, PhonePe, Paytm) पर जाएं और पेमेंट मैंडेट को अप्रूव करें। इससे आपके अकाउंट में पैसे ब्लॉक हो जाएंगे।
आईपीओ अलॉटमेंट
यदि आपको शेयर अलॉट होते हैं, तो आपके खाते से पैसे कट जाएंगे और शेयर डीमैट अकाउंट में आ जाएंगे।
यदि शेयर नहीं मिलते हैं, तो ब्लॉक किए गए पैसे आपके खाते में रिफंड (अनब्लॉक) कर दिए जाएंगे।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, केवल पहले दिन मुनाफा कमाने (लिस्टिंग गेन) के भरोसे बड़े आईपीओ में पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है। बड़े आईपीओ में भारी सब्सक्रिप्शन के चलते लिस्टिंग वाले दिन क्या हाल होगा, इसकी गारंटी नहीं होती। जियो के पास भारत के वायरलेस डेटा ट्रैफिक का करीब 60% हिस्सा है और 5G व ब्रॉडबैंड सेक्टर में इसकी स्थिति मजबूत है।
यदि आपका नजरिया मध्यम से लंबी अवधि का है, तो कंपनी की बाजार पकड़ और डिजिटल इकोसिस्टम को देखते हुए इसमें निवेश करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
Disclaimer: (यहां दी गई जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। NavbharatLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)