गांधारी के इकलौती बेटी दुशाला के जन्म की कहानी (सोर्स- सोशल मीडिया)
धर्म

सौ कौरवों की एक बहन! जानें कैसे हुआ था गांधारी की इकलौती बेटी का जन्म, महाभारत के 101वें मटके की रहस्यमयी कथा

Mahabharata Story: गांधारी की इकलौती बेटी का नाम दुशाला था। जानिए महाभारत में गांधारी की इकलौती बेटी दुशाला का जन्म कैसे हुआ था? 101वें घी के मटके से उनके जन्म और महर्षि वेदव्यास से जुड़ी रोचक कथा।

स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • गांधारी की इकलौती बेटी का नाम दुशाला था।

  • महाभारत की कथा में उनके जन्म का प्रसंग 101 मटकों से जुड़ा है।

  • महर्षि वेदव्यास ने गांधारी की पुत्री की इच्छा पूरी की थी।

  • दुशाला, दुर्योधन और दुःशासन समेत सौ कौरव भाइयों की एकमात्र बहन थीं

Dushala And Kaurava Birth Story In Hindi: महाभारत में गांधारी को सौ कौरव पुत्रों की माता के रूप में जाना जाता है। उनके सबसे बड़े पुत्र दुर्योधन थे। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि गांधारी की एक बेटी भी थी, जिसका नाम दुशाला (दुःशला) था। वह सौ कौरव भाइयों की इकलौती बहन थीं।

दुशाला के जन्म की कथा बेहद रोचक और रहस्यमयी मानी जाती है। मान्यता के अनुसार, उनका जन्म सामान्य शिशु की तरह नहीं, बल्कि महर्षि वेदव्यास के मार्गदर्शन में घी से भरे एक विशेष मटके से हुआ था। आइए जानते हैं महाभारत के आदि पर्व में वर्णित कौरवों के जन्म प्रसंग से जुड़ी कथा-

गांधारी ने मांसपिंड को दिया जन्म

महाभारत की कथा के अनुसार, गांधारी लंबे समय तक गर्भवती रहीं, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी उनकी संतान का जन्म नहीं हुआ। इसी दौरान उन्हें समाचार मिला कि कुंती ने पुत्र युधिष्ठिर को जन्म दिया है। यह सुनकर गांधारी दुखी और निराश हो गईं। कथा के अनुसार, उन्होंने आवेश में अपनी कोख पर प्रहार किया, जिसके बाद शिशु के स्थान पर लोहे जैसी कठोरता वाला मांसपिंड बाहर आया।

महर्षि वेदव्यास ने मांसपिंड के किए 100 टुकड़े

मांसपिंड देखकर गांधारी घबरा गईं। तभी महर्षि वेदव्यास वहां पहुंचे। उन्होंने गांधारी को धैर्य रखने के लिए कहा और मांसपिंड पर पवित्र जल छिड़का। इसके बाद उन्होंने उसके छोटे-छोटे टुकड़े करवाकर उन्हें घी से भरे अलग-अलग मटकों में रखने का निर्देश दिया।

महर्षि वेदव्यास ने इन मटकों को सुरक्षित स्थान पर रखने और निर्धारित समय तक नहीं खोलने का आदेश दिया। इस तरह सौ पुत्रों के जन्म की प्रक्रिया शुरू हुई।

गांधारी ने महर्षि वेदव्यास से मांगी एक बेटी

जब सौ मटकों में मांसपिंड के टुकड़े रख दिए गए, तब गांधारी ने महर्षि वेदव्यास के सामने एक और इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें सौ पुत्रों के साथ एक बेटी भी चाहिए। वह चाहती थीं कि उनके परिवार में एक पुत्री का भी जन्म हो।

गांधारी की इच्छा स्वीकार करते हुए महर्षि वेदव्यास ने मांसपिंड के बचे हुए अतिरिक्त अंश को घी से भरे एक अलग मटके में रखवाया। इस प्रकार कुल 101 मटके तैयार किए गए।

101वें मटके से हुआ दुशाला का जन्म

निर्धारित समय पूरा होने पर मटकों को खोला गया। कथा के अनुसार, उनसे एक-एक करके गांधारी के सौ पुत्रों का जन्म हुआ। वहीं, 101वें मटके से एक कन्या ने जन्म लिया। इसी कन्या का नाम दुशाला रखा गया।

इस तरह दुशाला धृतराष्ट्र और गांधारी की इकलौती बेटी बनीं। वह दुर्योधन, दुःशासन समेत सौ कौरव भाइयों की एकमात्र बहन थीं। महाभारत की यह कथा गांधारी के परिवार से जुड़ा एक ऐसा प्रसंग है, जिसकी बहुत कम चर्चा होती है।

वैभव सूर्यवंशी का आने वाला समय वैभव से भरपूर: फैन्स ने की जमकर तारीफ, नेताओं ने दी शाबाशी; लिखे ढेरों पोस्ट

अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले इस शादी ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड; 50 एकड़ जमीन पर हुई थी आलीशान शादी

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, CBI-ED जांच का आदेश रद्द; अब हाई कोर्ट में दोबारा होगी सुनवाई

17.50 लाख अनुग्रह राशि, 35 लाख बीमा... किश्तवाड़ में शहीद 2 SPO के परिवारों को 73 लाख रुपये की मदद

सेना की चेकपोस्ट को उड़ाने की साजिश, उजैद की मोबाइल चैट से खुला 005 ब्रिगेड आतंकी ग्रुप नेटवर्क का राज