HIGHLIGHTS
झुंझुनूं के खेतड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदान के दौरान झड़प
झड़प में पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की मौत
करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की भी सूचना
पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह ने सरकार की व्यवस्था पर उठाए सवाल
Rajasthan Panchayat Elections Violence: पंचायत चुनाव के दौरान झुंझुनूं के खेतड़ी उपखंड क्षेत्र की विजय नगर ग्राम पंचायत में चुनाव के दौरान विवाद कट गया। ये मामला मतदान खत्म होने से करीब एक घंटे पहले का है।
मतदान केंद्र के पास झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया। झगड़े में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की मौत हो गई। बता दें कि इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। इतना ही नहीं पचायत चुनाव के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान राज्य के विजय नगर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी चुनावी गतिविधियों में शामिल थे। चुनाव में उनकी बहू सुमन सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। ऐसे में मतदान खत्म होने से करीब एक घंटे पहले मतदान केंद्र के पास चुनाव को लेकर विवाद हो गया। ये छोटा विवाद देखते ही देखते भड़क गया और भीड़ ने मारपीट और पथराव शुरू कर दिए। बता दें कि घटना में करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
झड़प के दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी के सिर पर भी पत्थर मारने से चोट लग गई। जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ ने उन्हें नीमकाथाना अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह नीमकाथाना अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए राजस्थान राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। चुनाव के दौरान फैले झड़प पर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और चुनाव जैसे लोकतांत्रिक पर्व के दौरान इस तरह की हिंसक घटना गंभीर चिंता का विषय है।