Swati Maliwal Slams Arvind Kejriwal on Punjab Paper Leak: भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी (AAP) से राष्ट्रीय संयोजक और पुराने साथी अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। स्वाति मालीवाल ने पेपर लीक मुद्दे पर आप घेरते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में पिछले पांच साल में 6 बड़े पेपर लीक हुए हैं, लेकिन केजरीवाल ने इनपर एक भी शब्द नहीं बोला और चुप्पी साधे हुए हैं। मालीवाल ने आगे आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और उनकी ‘बी टीम’ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पंजाब में पेपर लीक को लेकर चुप्पी साधे हुई है। स्वाति मालीवाल और अन्य भाजपा सांसदों ने आज पंजाब में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए संसद भवन परिसर के बाहर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा सांसद ने पंजाब की आप सरकार और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, पिछले 5 सालों में पंजाब में 6 बड़े पेपर लीक और चीटिंग के मामले सामने आए हैं। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, और जब वे आवाज उठाते हैं, तो बच्चों को लाठियों से पीटा जाता है। स्वाति मालीवाल ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी B टीम- CJP पंजाब पेपर लीक पर पूरी तरह चुप हैं। ऐसे दोहरे मापदंड क्यों? अरविंद केजरीवाल से मैं कहना चाहती हूं-हो गया, भाई! अब आप पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं।
स्वाति मालीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी केजरीवाल की बी टीम है। क्योंकि इसे उनके सहयोगियों ने उनके पैसों से बनाया है। मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के सहयोगियों ने पैसे देकर सोशल मीडिया पर CJP के लिए एक बड़ा पीआर कैंपेन चलवाया है, यह बात हम सब जानते हैं। एक तरफ वो ये सब करते हैं, लेकिन जैसे ही पंजाब में जवाबदेही की बात आती है वो चुप हो जाते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल दोनों ही पंजाब के पेपर लीक के मुद्दे पर बोलने से भागते हैं।
यह भी पढ़ें- बिना ताज के राजा और सिसोदिया की चुप्पी पर सवाल! पंजाब के शिक्षा मंत्री पर गिरी गाज, BJP ने किया AAP का घेराव
मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि, उन्होंने खुद को प्रभावी रूप से पंजाब का ‘सुपर मुख्यमंत्री’ बना लिया है। लेकिन इस मुद्दे पर चुप रहते हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला बोलते हुए कहा कि, वो दिनभर नशे में रहते हैं, बेतुके बयान देते रहते हैं। स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह पूरी तरह से गलत है और छात्रों के मुद्दे को लेकर दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।