तरनतारन के नौशहरा पन्नूआं के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसें आपस में टकरा गईं।
हादसे में करीब चार यात्रियों की मौत हुई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।
बाइक सवार को बचाने के लिए आगे चल रही बस के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रही बस टकरा गई।
Punjab Pilgrimage Bus Accident: पंजाब में जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तरनतारन जिले के कस्बा नौशहरा पन्नूआं के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा से जुड़ी दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में करीब चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बसें फिरोजपुर से यात्रियों को लेकर श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर जा रही थीं। इसी दौरान नौशहरा पन्नूआं के पास डिवाइडर के बीच से एक बाइक सवार गुजर रहा था। उसे बचाने के लिए आगे चल रही तीर्थ यात्रा बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। तभी पीछे से आ रही दूसरी बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पंजाब पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हॉस्पिटल में तत्काल इमरजेंसी घोषित करते हुए सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए गए। डॉक्टरों को भी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुलाया गया।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि चार यात्रियों के शव अस्पताल में रखवाए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 10 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आई। नौशहरा पन्नूआं से अस्पताल जाते वक्त तीन एंबुलेंस जाम में फंस गईं। इससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हुई।
हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों की टीम भेज दी गई है और राहत कार्य जारी है।