Punjab Secretariat Bomb Threat Security Alert: सचिवालय के कंट्रोल रूम को मिला धमकी भरा ई-मेल पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय समेत कई ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि परिसर के अंदर बम रखा गया है। इस सूचना के मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य खुफिया एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर रखा गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह ईमेल 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' ने भेजा था। जिसमें पंजाब सचिवालय, हिंदू मंदिरों और अंबाला-दिल्ली ट्रेन को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इसमें 1984 में दरबार साहिब पर हुए सेना के हमले का बदला लेने का हवाला दिया गया है। जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
धमकी मिलने के तुरंत बाद सचिवालय की घेराबंदी कर दी गई और भवन के भीतर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इमारत के हर हिस्से, कमरों और पार्किंग एरिया की गहन जांच की। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रारंभिक जांच के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पंजाब सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले हर व्यक्ति व वाहन की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही, पुलिस की साइबर सेल और तकनीकी टीमें उस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं, ताकि धमकी भेजने वाले की पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें:- Explainer: बार-बार क्यों फेल हो रही CBSE? करोड़ों का टेंडर या कमजोर नियम, बच्चों के भविष्य से हो खिलवाड़
अफवाहों से बचने की अपील प्रशासनिक अधिकारियों ने सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों और आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाए जा रहे हैं।