200 रुपये की लॉटरी से जीता करोड़ों
पंजाब के मानसा जिले का है पूरा मामला
लॉटरी वाले दिन ही घर में हुआ नन्ही बेटी का जन्म
1.5 Crore Lottery Winner Punjab Family In Diwali: पंजाब के एक ग्रामीण परिवार के लिए इस बार की दीपावली जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियां लेकर आई। परिवार ने सिर्फ 200 रुपये की मासिक लॉटरी टिकट खरीदी थी और उसी टिकट से डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम जीत लिया। खास बात यह है कि जिस दिन परिवार की लॉटरी निकली, उसी दिन उनके घर एक नन्ही बेटी ने भी जन्म लिया। ऐसे में परिवार को एक साथ दो बड़ी खुशियां मिल गईं।
यह मामला पंजाब के मानसा जिले के बुढलाडा के पास स्थित सैदेवाला गांव का है। यहां रहने वाले एक परिवार की किस्मत 200 रुपये की लॉटरी टिकट ने बदल दी। बुढलाडा के भीखी रोड पर धन्ना लॉटरी स्टॉल चलाने वाले धन्ना सिंह ने इस जीत की जानकारी दी।
पंजाब के मानसा जिले के बुढलाडा के पास स्थित सैदेवाला गांव के धन्ना सिंह ने बताया कि शनिवार को एक व्यक्ति उनके स्टॉल पर आया था। उसने हरमन कौर नाम की महिला के नाम पर लॉटरी का टिकट खरीदा था। बाद में जब लॉटरी का नतीजा सामने आया तो इसी टिकट पर डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला। यह खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस कहानी की सबसे खास बात यह है कि जिस दिन परिवार ने डेढ़ करोड़ रुपये की लॉटरी जीती, उसी दिन उनके घर बेटी का जन्म भी हुआ था। परिवार के लिए यह दिन दोहरी खुशियां लेकर आया। एक तरफ घर में नन्ही परी के आने की खुशी थी तो दूसरी तरफ करोड़ों रुपये जीतने की खबर ने सभी को हैरान कर दिया।
हालांकि, नवजात बच्ची की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण परिवार के लोग उसे मेडिकल जांच के लिए लेकर गए हैं। फिलहाल परिवार का पूरा ध्यान बच्ची की सेहत पर है।
महज 200 रुपये की टिकट से डेढ़ करोड़ रुपये जीतने वाले इस परिवार के लिए दीपावली सच में यादगार बन गई। इस परिवार को एक ही दिन में बेटी के जन्म और बड़ी लॉटरी जीतने की दोहरी सौगात मिली है। लॉटरी स्टॉल के मालिक धन्ना सिंह ने बताया कि परिवार के वापस लौटने पर उन्हें स्टॉल पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा।