सुखवीर सिंह, पीएम मोदी सोर्स-सोशल मीडिया
पंजाब

पंजाब चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर! BJP और अकाली दल फिर आएंगे साथ, 2027 के लिए गठबंधन का आज होगा ऐलान

BJP Akali Dal Alliance 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से दिल्ली में नितिन नवीन और अकाली दल के प्रमुख सुखवीर सिंह सीट शेयर को लेकर बैठक करेंगे। इसके बाद विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान करेंगे।

आशीष शुक्ला

Highlights:

  • साल 2027 में पंजाब में होगा विधानसभा चुनाव

  • बीजेपी और अकाली दल साथ लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

  • नितिन नबीन और सुखबीर बादल करेंगे गठबंधन का ऐलान

Punjab Assembly Election 2027: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए राजनीतिक दलों ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही हैं। वहीं, पंजाब की राजनीति में क्षेत्रीय दलों की अहम भूमिका को देखते हुए राष्ट्रीय पार्टियां भी नए राजनीतिक समीकरण बनाने में जुटी हैं।

इसी कड़ी में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। दोनों दल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करने जा रहे हैं।

इसके लिए मंगलवार दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस घोषणा के साथ पंजाब की राजनीति में नए सियासी समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

नितिन नबीन और सुखबीर बादल करेंगे गठबंधन का ऐलान

गठबंधन को लेकर कई महीनों से दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी। अब बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले की जानकारी देंगे।

इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए पंजाब बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इनमें प्रदेश इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्वनी कुमार सहित अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी के इन नेताओं की मौजूदगी को गठबंधन के राजनीतिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।

2020 में कृषि कानूनों के विरोध के बाद टूटा था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के दौरान दोनों दलों के रिश्तों में दरार आ गई थी।

सितंबर 2020 में शिरोमणि अकाली दल ने कृषि कानूनों के विरोध में बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों पार्टियों के रास्ते अलग हो गए। अब करीब छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आने की तैयारी में हैं।

अमित शाह ने भी दिए थे गठबंधन के संकेत

बीजेपी और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहले संकेत दे चुके हैं। उन्होंने पंजाब में NDA की सरकार बनने का भरोसा जताया था। इसके बाद से दोनों दलों के बीच नजदीकियां बढ़ने और गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं।

इस गठबंधन का ऐलान ऐसे समय किया जा रहा है, जब आज गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। पंजाब की राजनीति में धार्मिक और सामाजिक समीकरणों का विशेष महत्व है। ऐसे में गठबंधन की घोषणा के समय को भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने से पंजाब में 2027 के चुनाव का मुकाबला कितना बदलता है और सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दल क्या फॉर्मूला अपनाते हैं।

कस्टडी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: बच्चे माता-पिता की संपत्ति और खिलौना नहीं, किसके साथ रहना उनकी पसंद

क्या यूपी की सियासी भंवर में फंसी संजय निषाद की नाव? ओम प्रकाश राजभर ने कैसे बढ़ाई टेंशन

Rain Alert: 24-25-26-27-28 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में छाएगा कोहरा

बिहार के कई जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, नेपाल के काशी में भी हिली धरती

24 नवंबर 2026 : आज देश-दुनिया, राजनीति, बिजनेस-खेल-मनोरंजन और मौसम की इन खबरों पर रहेगी नजर