दिवाली हादसा 2026 सोर्स: सोशल मीडिया
महाराष्ट्र के नागपुर में दिवाली की रात सावरकर नगर स्थित साई डायनेमिक्स TVS शोरूम में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पटाखे की चिंगारी शोरूम के शेड तक पहुंचने से आग लगने की आशंका जताई गई। देखते ही देखते आग ने परिसर में खड़ी कई दोपहिया गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ।महाराष्ट्र के पुणे में दिवाली के दौरान आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में अकेले दिवाली के दिन आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें अपार्टमेंट, गोदाम, दुकानों और अन्य स्थानों पर आग लगने के मामले शामिल थे। दमकल विभाग को लगातार घटनास्थलों पर पहुंचकर आग बुझाने का काम करना पड़ा।महाराष्ट्र के ठाणे स्थित रहेजा गार्डन कॉम्प्लेक्स की 17 मंजिला कार्लाइल इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत के ऊपरी हिस्सों तक पहुंच गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग और बचाव दल ने मोर्चा संभाला। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुताबिक, राहत अभियान के दौरान करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुंबई के डोंगरी इलाके में हाजी कासम चॉल के पास स्थित एक गैरेज में देर रात आग लग गई। आग ने आसपास की दुकानों और झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण दमकलकर्मियों के सामने आग पर काबू पाने की चुनौती थी। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।महाराष्ट्र के नवी मुंबई में सेक्टर-21 स्थित तुर्भे शॉपिंग सेंटर में भी आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। घटना में नुकसान और जनहानि की आधिकारिक जानकारी का इंतजार था।सिक्किम की राजधानी गंगटोक में भी दिवाली की रात आग लगने की घटना सामने आई। यहां फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित एक सरकारी आवास आग की चपेट में आ गया। शुरुआती जानकारी में पटाखों से आग लगने की आशंका जताई गई। हालांकि, आग से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी।दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश से एक बुरी खबर सामने आई है। राज्य के गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नोवा प्लास्ट कंपनी में भीषण आग लग गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी।सिवनी जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड हो गया। छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सुबह करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। घटना के वक्त मकान में करीब 10 लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन इनमें से 6 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।उज्जैन में दीपावली की रात खुशियों के बीच दो अलग-अलग जगह आगजनी की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। नागझिरी क्षेत्र में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स की बिल्डिंग में रविवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद 107 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल पिता शंकरलाल गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।