Fawad Khan Film The Legend Of Maula Jatt Controversy: पाकिस्तानी स्टार फवाद खान की हिट फिल्म 'द लेजेंड ऑफ मौला जट' भारत में 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। इसे लेकर भारत में बवाल शुरु हो चुका है। MNS नेता ने तो यहां तक धमकी दे दी अगर कोई पाकिस्तानी कलाकार भारत में इस फिल्म को प्रमोट करने आया, तो उसके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। वहीं, राज ठाकरे भी काफी भड़के हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में भारत में पाकिस्तानी कलाकार की फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।
राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके थिएटर के मालिकों को भी चेतावनी दी है। उन्होंने ये तक कह दिया कि अगर किसी पाकिस्तानी कलाकार की फिल्म थिएटर में चली, तो उनके लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। मराठी भाषा में शेयर किए अपने एक पोस्ट में राज ठाकरे ने लिखा, 'पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान की फिल्म 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' इंडिया में रिलीज होने वाली है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना इस फिल्म को किसी भी सूरज में रिलीज नहीं होने देगी।' इसके साथ ही उन्होने सवाल किया कि आखिर पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्मों को भारत में रिलीज करने की इजाजत क्यों मिल रही है?
पोस्ट करते हुए राज ठाकरे लिखते हैं, 'कला की कोई राष्ट्रीय सीमा नहीं होती, जो अन्य मामलों में ठीक है, लेकिन पाकिस्तान में यह बिल्कुल भी काम नहीं करेगा। भारत से नफरत के मुद्दे पर बंटे देश के कलाकारों को यहां लाकर नाचने और उनकी फिल्में दिखाने के लिए किस तरह की कार्रवाई की जा रही है? सरकारों को इस फिल्म को महाराष्ट्र तो क्या, देश के किसी भी राज्य में प्रदर्शित होने की इजाजत नहीं देनी चाहिए।' यह भी देखें-जयपुर में लगेगा सेलेब्स का मेला, अगले साल होगा IIFA अवॉर्ड शो का आयोजन
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमय खोपकर ने 'दैनिक भास्कर' से बातचीत में कहा कि 'अगर पाकिस्तान का कोई कलाकर इस फिल्म को प्रमोट करने भारत आया, तो उसे पीटा जाएगा। साथ ही उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए जाएंगे।'