Yavatmal Internet Problem: यवतमाल जिले में नेटवर्क सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले कई महीनों से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क बार-बार गायब होना, कॉल ड्रॉप, इंटरनेट की बेहद धीमी गति और कई बार पूरी तरह सेवा बंद होने से विद्यार्थी, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी, सेतु केंद्र संचालक और आम नागरिक परेशान हो गए हैं। डिजिटल इंडिया के दावे करने वाली कंपनी की सेवा शहरों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है।
धीमी और खराब सेवा के कारण नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। तालुका क्षेत्र के सखरा, दत्तापुर, मानुसधरी, पारवा सहित कई गांवों में हजारों ग्राहक होने के बावजूद नेटवर्क की स्थिति दिन- ब-दिन खराब होती जा रही है। ऑनलाइन बैंकिंग, सरकारी आवेदन, महाविद्यालय और स्कूलों के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, व्यापारियों के डिजिटल लेन-देन तथा यूपीआई भुगतान पर धीमे इंटरनेट का सीधा असर पड़ रहा है।
मेडिकल संचालक संदीप ठाकरे ने कहा कि मेडिकल व्यवसाय में ऑनलाइन बिलिग, दवाओं की ऑर्डर प्रक्रिया और डिजिटल भुगतान पर काम होता है। नेटवर्क नहीं होने से ग्राहकों को परेशानी होती है और व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। इतनी राशि लेने के बाद भी गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिलना ग्राहकों के साथ धोखा है।
यवतमाल सेतु केंद्र संचालक संजय देशमुख ने कहा कि सेतु केंद्रों पर अधिकांश काम ऑनलाइन स्वरूप के होते हैं। लेकिन इंटरनेट इतना धीमा हो गया है कि नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार सर्वर शुरू होने के बावजूद नेटवर्क नहीं होने से काम अटक जाते हैं। कंपनी को तत्काल सेवा में सुधार करना चाहिए।
यवतमाल के व्यापारी गोलू यादव ने कहा कि आज हर व्यवहार ऑनलाइन हो गया यूपीआई भुगतान अटक जाते हैं, ग्राहक नाराज होते हैं और व्यापार प्रभावित होता है। कंपनी को तत्काल नई तकनीकी व्यवस्था कर नेटवर्क सुधारना चाहिए, अन्यथा ग्राहक सड़क पर उतरेंगे।