Yavatmal And Nanded Richter Scale 4.6 Earthquake: यवतमाल जिले के उमरखेड़ तालुका सहित समीपवर्ती हिंगोली और नांदेड़ जिलों में गुरुवार, 9 जुलाई को तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इससे कुछ समय के लिए नागरिकों में भय का माहौल निर्माण हो गया था। हालांकि, उमरखेड़ तहसील में सौभाग्य से किसी भी प्रकार की जनहानि या वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है। राजस्व विभाग के पास इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सूचना दर्ज नहीं होने की प्राथमिक जानकारी गुरुवार शाम को सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरखेड़ क्षेत्र में भूकंप का पहला झटका तड़के 1 बजकर 37 मिनट पर, जबकि दूसरा झटका 2 बजकर 16 मिनट पर महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई है। वहीं, हिंगोली जिले के वसमत, औंढा नागनाथ, कलमनुरी, सेनगांव तथा नांदेड़ जिले के अर्धापुर क्षेत्र में भी नागरिकों को ये झटके स्पष्ट रूप से महसूस हुए।
गुरुवार तड़के भूकंप के बाद उमरखेड़ तालुका के राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने का आह्वान किया गया है। उमरखेड़ तालुका के राजस्व विभाग की ओर से भूकंप के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने का कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें:- Bhanadara News: खेतों की गीली मिट्टी से सड़कें फिसलन भरी, ट्रैक्टर चालकों पर कार्रवाई की मांग