Samruddhi Mahamarg Car Truck Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर आए दिन होने वाले हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्धा जिले में विरुल के पास बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार मालवाहक आइशर ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद अचानक भीषण आग लग गई। इस खौफनाक हादसे में दो जुड़वां बहनों समेत 5 लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय समृद्धि महामार्ग पर इथेनॉल से भरा एक टैंकर पहले से ही पलट गया था। इस वजह से प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से महामार्ग के एक तरफ के ट्रैफिक को दूसरी लेन में डायवर्ट कर रखा था। रात का समय होने के कारण और सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा न लग पाने की वजह से यह हादसा हुआ।
पुणे से वर्धा की ओर आ रही एक कार जब इस डायवर्टेड रूट से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक मालवाहक आइशर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भिड़ंत के तुरंत बाद ही कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में सवार यात्रियों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका। कार में मौजूद चार लोग आग की लपटों में घिर गए और उनकी अंदर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि आइशर ट्रक के ड्राइवर की भी चोटों के कारण मौत हो गई। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें:- किसानों के लिए बड़ी खबर: नकली बीज-खाद की शिकायत पर 7 दिन में एक्शन, महाराष्ट्र सरकार ने बदला नियम
घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस, पुलगांव पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। आग इतनी विकराल थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को कार के धातु के हिस्सों को काटना पड़ा। साथ ही समृद्धि महामार्ग पर ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिशें भी कीं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल भेजा गया।