Wardha District School Uniform Students: वर्धा जिले में नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होकर डेढ़ माह बितने के बाद अंततः सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के दूसरे गणवेश का निधि शिक्षा विभाग को प्राप्त हुआ है। उक्त निधि शीघ्र ही स्कूल के मुख्याध्यापकों के बैंक खातों में जमा होगा, ऐसा बताया गया। उल्लेखनीय यह कि, दूसरे गणवेश का निधि तो प्राप्त हुआ है।
परंतु अब तक पहले गणवेश का शेष निधि न मिलने की जानकारी है। जिले की सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 1 लीं से 8 वीं तक के विद्यार्थियों को हर साल दो गणवेश के लिए निधि दिया जाता है। पहले दिन विद्यार्थियों को गणवेश देने का दावा करने वाली सरकार व प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली से अभिभावक असंतोष व्यक्त करते नजर आये।
वर्धा जिले की लगभग 950 सरकारी एवं अनुदानित स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के 41,340 विद्यार्थियों को गणवेश वितरित होने थे। इसके लिए सरकार द्वारा प्रति विद्यार्थी 600 रुपये अनुदान दिया जाना था, प्रथम चरण में एक गणवेश के लिए प्रति गणवेश 240 रुपये के हिसाब से 99 लाख 21 हजार 600 रुपये जारी किए हैं। राशि तहसील स्तर पर वितरित की गई। इसमें भी अभिभावकों को अपनी जेब से कुछ राशि डाल कर एक गणवेश सिलाना पड़ा है। उक्त गणवेश पहनकर विद्यार्थी पहले दिन स्कूल में पहुंचने की जानकारी है।
प्रत्येक विद्यार्थी को हर साल दो गणवेश दिए जाते हैं, जिनमें एक स्कूल गणवेश और दूसरा स्काउट-गाइड गणवेश शामिल है। सरकार द्वारा प्रति गणवेश 300 रुपये, अर्थात प्रति विद्यार्थी 600 रुपये देने का प्रावधान है। लेकिन पहले गणवेश के लिए 60 रुपये प्रति विद्यार्थी शेष राशि तथा दूसरे गणवेश के लिए 300 रुपये स्कूलें शुरू होकर डेढ़ माह बितने पर भी नहीं मिले थे।
शेष निधि के लिए शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन प्रणाली के जरिए डीमांड भेजी थी। आखिरकार सरकार ने दूसरे गणवेश के लिए लगने वाला निधि जिले को भेजा गया है। इसके तहत लगभग 1 करोड़ 24 लाख 2 हजार रुपये प्राप्त होने की जानकारी है। शीघ्र ही विद्यार्थियों को दूसरा गणवेश मिलेगा, ऐसा कहा जा रहा।
उल्लेखनीय यह कि, शिक्षा विभाग को कुल 1 करोड़ 48 लाख 82 हजार 400 रुपये के निधी का इंतजार था। इसमें पहले गणवेश की शेष राशि 24 लाख 80 हजार 400 रुपये तथा दूसरे गणवेश के लिए 1 करोड़ 24 लाख 2 हजार रुपये शामिल हैं। कक्षा 1 से 8 तक के कुल 41,340 विद्यार्थियों को गणवेश का लाभ दिया जाना है।
इनमें समग्र शिक्षा अभियान के तहत 28,826, राज्य सरकार योजना के अंतर्गत 11,375 तथा PM श्री योजना के तहत 1,139 विद्यार्थी शामिल हैं। इस बार जूते और मोजों के लिए भी निधी का प्रावधान नहीं किया गया। ऐसी स्थिति में दूसरे गणवेश का पुर्ण निधी तो प्राप्त हुआ है। परंतु पहले ड्रेस का 24 लाख 80 हजार 400 रुपये शेष निधी अप्राप्त बताया गया।
सरकार से लाभार्थी विद्यार्थियों के दूसरे गणवेश का निध प्राप्त हुआ है। उक्त निधि सीधे मुख्याध्यापकों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा पहले गणवेश का शेष निधि अब तक प्राप्त नहीं हुआ है।
-प्राथमिक, जिप प्रभारी शिक्षाधिकारी, रुपेश कांबले