Highlight:
2021 के जटिल हत्याकांड को सुलझाने वाले तत्कालीन पुलिस निरीक्षक और वर्तमान डीएसपी रामचंद्र मोहिते को केंद्रीय गृह मंत्री सतर्कता पदक से सम्मानित किया गया।
ठाणे खाड़ी के दलदली इलाके में संतरी रंग का लोहे का बक्सा मिला था।
पुलिस ने बक्से की बनावट और रंग के आधार पर जांच शुरू की।
Thane Murder Investigation: ठाणे खाड़ी के दलदली इलाके में मिले एक लोहे के बक्से ने वर्ष 2021 के एक कत्ल की गुत्थी को इस तरह सुलझाया कि पुलिस विभाग में इसकी मिसाल दी जाने लगी।
इस सनसनीखेज और जटिल हत्या के मामले को अपनी सूझबूझ और तकनीकी जांच के दम पर सुलझाने वाले शील-डायघर पुलिस स्टेशन के तत्कालीन पुलिस निरीक्षक और वर्तमान में कोंकण डिवीजन के नारकोटिक्स टास्क फोर्स के पुलिस उप अधीक्षक रामचंद्र मोहिते को उनकी उत्कृष्ट सेवा और उल्लेखनीय सफलता के लिए प्रतिष्ठित 'केंद्रीय गृह मंत्री सतर्कता पदक' से सम्मानित किया गया है।
मामला वर्ष 2021 का है। डायघर की ठाणे खाड़ी के दलदली क्षेत्र में एक संतरी रंग का लोहे का बक्सा लावारिस हालत में पड़ा मिला था, जिससे काफी दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर तत्कालीन पुलिस इंस्पेक्टर रामचंद्र मोहिते अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
बक्से में तीन ताले जड़े हुए थे। जब पुलिस ने कटर की मदद से ताले काटे, तो अंदर एक चादर में लिपटा हुआ अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन शव की भयानक स्थिति के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती बन गया था।
जब पारंपरिक तरीकों से मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई, तब रामचंद्र मोहिते ने जांच की दिशा बदलते हुए एक अनूठा दांव खेला, उन्होंने अपनी टीम को यह पता लगाने का निर्देश दिया कि आखिर इस तरह के विशिष्ट लोहे के बक्से कहां बनाए जाते हैं।
मुंबई और ठाणे के बाजारों को खंगालने के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि ऐसे बक्से केवल मुंबई के धारावी इलाके में ही तैयार किए जाते हैं। पुलिस दल ने धारावी की संकरी गलियों में स्थित हर बक्सा बनाने वाले कारखाने की छानबीन शुरू की। आखिरकार एक छोटे कारखाने के मालिक तक पुलिस पहुंची और उसे संतरी रंग के उस बक्से की तस्वीर भेजी गई।
पुलिस ने तुरंत उस मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि नंबर एक बर्तन की दुकान से जुड़ा है। पुलिस जब उस दुकान पर पहुंची, तो जानकारी मिली कि वह महिला वहां काम करती थी, लेकिन कुछ दिन पहले नौकरी छोड़ चुकी थी। पुलिस ने दुकानदार के माध्यम से एक युक्ति अपनाई और उसे तुरंत काम पर वापस आने का संदेश भेजा। महज 15 मिनट के भीतर वह महिला जैसे ही दुकान पर पहुंची, सादे कपड़ों में तैनात पुलिस ने उसे दबोच लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने जो सच उगला, उसने सबको हैरान कर दिया। उसने स्वीकार किया कि उसी ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या की थी, पति की मौत के बाद महिला की इस युवक से पहचान हुई थी और दोनों साथ रह रहे थे। महिला उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी, लेकिन युवक इसके लिए तैयार नहीं था। इसके विपरीत, युवक अपने गांव लौटकर परिवार की पसंद की लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा था।