वर्षा मैराथन और एकनाथ शिंदे (सोर्स: नवभारत फोटो)
ठाणे

दौड़ प्रगति की, गतिशील ठाणे की.. वर्षा मैराथन में प्रविण और रविना बने विजेता, उपमुख्यमंत्री शिंदे भी संग दौड़े

Thane Varsha Marathon 21KM Winners: 32वीं ठाणे महापौर वर्षा मैराथन में प्रविण कांबले और रविना गायकवाड़ ने जीत दर्ज की। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरी झंडी दिखाकर खुद भी दौड़ लगाई।

सूर्यप्रकाश मिश्र, गोरक्ष पोफली

Varsha Marathon Winners: दौड़ प्रगति की, गतिशील ठाणे की के संदेश के साथ रविवार को आयोजित 32वीं ठाणे महापौर वर्षा मैराथन में कोलपुर के प्रविण कांबले ने पुरुष ओपन वर्ग और नाशिक की रविना गायकवाड़ ने महिला ओपन वर्ग में बाजी मारी।

ठाणे मनपा और ठाणे जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त आयोजन में हुई इस मैराथन में करीब 30 हजार धावकों ने हिस्सा लिया।

शिंदे ने दिखाई हरी झंडी

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पत्नी लता शिंदे ने मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। पुरुष वर्ग की स्पर्धा को एकनाथ शिंदे ने, जबकि महिला वर्ग की स्पर्धा को लता शिंदे ने हरी झंडी दिखाई। प्रतिभागियों का उत्साह देखकर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने भी धावकों के साथ कुछ दूरी तक दौड़ लगाई और उनका उत्साह बढ़ाया। पुरस्कार वितरण परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के और विधायक रवींद्र फाटक के हाथों किया गया।

प्रविण कांबले अव्वल

21 किलोमीटर पुरुष ओपन वर्ग में प्रविण कांबले ने 1 घंटा 7 मिनट 21 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। पुणे के राजन विक्रमजीत यादव दूसरे और नाशिक के कालिदास हिरवे तीसरे स्थान पर रहे। महिला ओपन वर्ग में रविना गायकवाड़ ने 1 घंटा 26 मिनट 4 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। तेजस्विनी नरेंद्र लामकाने दूसरे और पुणे की साक्षी कसबे तीसरे स्थान पर रहीं।

6 साल बाद आयोजन

मैराथन का आयोजन 6 वर्ष बाद ठाणे महानगरपालिका में महापौर, पदाधिकारियों और नगरसेवकों के निर्वाचित होने के बाद बड़े उत्साह के साथ किया गया। महापौर शर्मिला पिंपळोलकर की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 14 वर्गों में स्पर्धाएं हुईं। विजेताओं को कुल 11 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

21 किलोमीटर के विजेता को एक लाख रुपये के साथ स्मृतिचिह्न, पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एकनाथ शिंदे ने मैराथन के 32 वर्ष के इतिहास को याद करते हुए पूर्व सांसद स्वर्गीय सतीश प्रधान के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बदलते ठाणे के साथ यहां की युवा पीढ़ी को ऊर्जा देने में मैराथन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने ठाणे जिले के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को ओलंपिक में भाग लेने के लिए तैयार करने की दिशा में प्रयास करने और उन्हें हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

वरिष्ठ नागरिक भी दौड़े

मैराथन में 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी की विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाओं के साथ 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, कलाकारों, मनपा कर्मचारियों,पत्रकारों और कॉर्पोरेट रन का भी आयोजन किया गया। अभिनेता मंगेश देसाई, गश्मीर महाजनी, किशोरी आंबिये, ऐश्वर्या नारकर, अभिज्ञा भावे सहित कई कलाकारों ने भी एक किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

मैं CM बनना चाहता हूं...केशव प्रसाद मौर्य के बयान से सियासी भूचाल! 2027 चुनाव के बाद योगी की होगी छुट्टी?

ताशकंद में PM मोदी का भव्य स्वागत, मिर्जियोयेव से हुई अहम बातचीत, द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर हुई बड़ी बात

20 मिनट की देरी ने बचाई जान, भारत लौटे केरल और नागपुरवासी, तमिलनाडु के 219 लोग सुरक्षित, सैकड़ों अभी भी लापता

NEET-PG Exam 2026: जयपुर में परीक्षा के दौरान सर्वर ठप, छात्रों का फूटा गुस्सा, सेंटर पर काटा बवाल- VIDEO

अब सड़क नहीं पटरी से जुड़ेगा भूटान, भारत के 4000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर टिकी सबकी नजर