Thane Gamdevi Market Fire Two Death: महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक मार्केट कॉम्प्लेक्स में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। इस आग में झुलसकर एक दमकलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई, जबकि दो अन्य दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए विभाग को ब्रिगेड कॉल घोषित करना पड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक ठाणे के गामदेवी बाजार परिसर में सब्जी और कपड़ों की दुकाने हैं, वहां तड़के 3 बजकर 45 मिनट पर आग लगने के बाद ब्रिगेड कॉल घोषित की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानों से उठती ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से इलाके में दहशत फैल गई।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMC) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि इस घटना में दो दमकलकर्मी झुलस गए हैं। इसके अलावा, दो अन्य दमकलकर्मी भी आग की लपटों को काबू करने के दौरान झुलस गए और घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रशांत रोडे ने इस घटना में एक दमकलकर्मी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत की पुष्टि की।
RDMC के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि उसने बाजार को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। इस भीषण अग्निकांड में कपड़ों की दुकानें, सब्जी और फल का बाजार, साथ ही स्थानीय नगरपालिका के एक वार्ड का कार्यालय भी जलकर खाक हो गया है।
यह भी पढ़ें:- NEET Paper Leak: मोटेगांवकर के पुणे RCC कोचिंग पर चला बुलडोजर, सभी आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ी
RDMC के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि आग गुरुवार तड़के लगी और इस पर काबू पाने के लिए अभियान जारी है। शहरभर के सभी दमकल वाहनों और आरडीएमसी टीम को आग बुझाने के काम में लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दुकानों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कपड़ों का भंडार होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।