प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI) 
ठाणे

ठाणे पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुंब्रा में 27 करोड़ की ड्रग्स बरामद, MP तक फैला था तस्करी का जाल

Thane News: ठाणे पुलिस ने मुंब्रा में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का पर्दाफाश कर 27.21 करोड़ रुपये की 13.629 किलो मेफेड्रोन जब्त की। यह थाना स्तर पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

आकाश मसने

Mumbra Drug Racket Bust: महाराष्ट्र के मुंब्रा में नार्कोटिक्स कंट्रोल टीम ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए 13.6 किलोग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 27.21 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस ऑपरेशन के तार सीधे मध्य प्रदेश के ड्रग तस्करों से जुड़े हैं।

एक के बाद एक खुले राज

ठाणे पुलिस आयुक्त कार्यालय के तहत यह किसी भी पुलिस स्टेशन स्तर पर की गई अब तक की सबसे बड़ी ड्रग जब्ती है। पुलिस उपायुक्त (जोन 1) सुभाष बुर्से ने बताया कि उन्हें मुंब्रा के एक स्थानीय अस्पताल के पास ड्रग डील की गुप्त सूचना मिली थी। मुंब्रा पुलिस की एनडीपीएस टीम ने वहां घेराबंदी कर बासु उमरदीन सैयद को दबोचा। शुरुआत में उसके पास से केवल 23.5 ग्राम मेफेड्रोन मिली, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ हुई, तो मध्य प्रदेश से जुड़े एक विशाल ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ।

मध्य प्रदेश से संचालित हो रही थी सप्लाई चेन

सैयद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। जांच की आंच मध्य प्रदेश तक पहुंची, जहां से मुख्य आपूर्तिकर्ता राम सिंह अमर सिंह गुर्जर (40) और कैलाश शंभूलालजी बलाई (36) को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से 7.30 करोड़ रुपये मूल्य की 3.51 किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस को यहीं रुकना नहीं था, मास्टरमाइंड तक पहुँचने के लिए टीम रतलाम रवाना हुई।

रतलाम में छापेमारी और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी

मुंब्रा पुलिस की विशेष टीम ने रतलाम (MP) में दबिश देकर दो और बड़े खिलाड़ियों मनोहर लाल रंगलाल गुर्जर और रियाज मोहम्मद उर्फ 'राजू' को गिरफ्तार किया। इनके ठिकाने से पुलिस ने 19.91 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 10 किलो मेफेड्रोन जब्त की। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस (NDPS), बीएनएस (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

मुंब्रा पुलिस का रिकॉर्ड प्रदर्शन

डीसीपी सुभाष बुर्से ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। आंकड़ों के मुताबिक, मुंब्रा पुलिस की एनडीपीएस टीम जनवरी 2024 से अब तक कुल 954 ऑपरेशनों में 48.50 करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ जब्त कर चुकी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस खेप का इस्तेमाल मुंबई और आसपास के इलाकों में किन-किन रेव पार्टियों या डीलरों को सप्लाई करने के लिए किया जाना था।

झगड़ा लगा गए धीरेंद्र शास्त्री, बंगाल में नॉन वेज पर सियासी संग्राम, दिलीप घोष ने कांग्रेस की FIR पर उठाए सवाल

वोटर लिस्ट विवाद पर राघव चड्ढा का AAP पर पलटवार, आरोप बताया बेबुनियाद, बोले- केजरीवाल से बर्दाश्त नहीं हो रहा

कर्नाटक में ED की बड़ी कार्रवाई, मंत्री सतीश जारकीहोली और सांसद प्रियंका के घर समेत 18 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली में आज से तोड़ी जाएंगी 27 जर्जर इमारतें, सत्य निकेतन हादसे के बाद एक्शन में MCD, मालिकों को भेजा नोटिस

PM मोदी ने जिस रेलवे यूनिवर्सिटी का किया जिक्र, जानिए कहां है, कैसे होता है एडमिशन और कितनी है फीस