Ghodbunder Road Foot Over Bridges: ठाणे जिले के व्यस्त घोड़बंदर मार्ग पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के प्रयासों के बाद एमएमआरडीए द्वारा स्वीकृत 5 पैदल यात्री पुलों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। भाईंदर और ठाणे को जोड़ने वाली घोड़बंदर रोड पर लगातार भारी यातायात का दबाव रहता है।
इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ मेट्रो परियोजनाओं का कार्य भी जारी है, जिससे आम नागरिकों के लिए सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
पिछले कुछ समय में यहां कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक गई है। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री प्रताप सरनाईक ने एमएमआरडीए से पैदल यात्री पुलों के निर्माण की मांग की थी। वर्ष 2023 में इस परियोजना के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की निधि स्वीकृत की गई थी। पांचों पैदल यात्री पुल कासरवडवली, ओवला, भाईंदरपाड़ा, गायमुख में निर्माण कार्य किया जा रहा है और एक अतिरिक्त स्थान स्थानीय आवश्यकता के अनुसार निर्मित की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, सभी पुलों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और जल्द ही इनके उद्घाटन की तारीख घोषित की जाएगी।
ये भी पढ़ें :- Mumbai RTO Action: मुंबई RTO की बड़ी कार्रवाई, 16 महीनों में 5506 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड
इसके साथ ही ठाणे-घोड़बंदर मार्ग पर वर्सोवा से गायमुख के बीच लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण की योजना भी प्रगति पर है। इस सड़क को मीरा-भाईंदर मनपा को हस्तांतरित किया गया है। मनपा ने वन विभाग से आवश्यक अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा है, लेकिन अभी मंजूरी लंबित है। इसी बीच, प्रशासन ने अस्थायी रूप से सड़क के किनारों को साफ कर चौड़ीकरण का प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिया है। इन पैदल यात्री पुलों के शुरू होने के बाद घोडबंदर रोड पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।