भिवंडी में शोरमा खाने से 17 से ज्यादा लोग बीमार।
वंजारपट्टी नाका की दुकान से खरीदा था शोरमा।
बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक।
उपजिला अस्पताल में मरीजों का इलाज जारी।
फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर।
Bhiwandi Shawarma Food Poisoning: भिवंडी शहर के वंजारपट्टी नाका इलाके में शोरमा खाने के बाद 17 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। प्रभावित लोगों में छोटे बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। सभी का भिवंडी के उपजिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने स्ट्रीट फूड की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों ने भिवंडी शहर के वंजारपट्टी नाका स्थित एक दुकान से शोरमा खाया था। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें मतली, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
बताया गया कि शुरुआत में एक ही परिवार के चार से पांच सदस्य अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद अन्य लोगों के भी इसी तरह बीमार होने की जानकारी सामने आई। कुल 17 से अधिक लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है।
उपजिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही चिकित्सा अधीक्षक और पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद प्रभावित मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।
भर्ती मरीजों में महिलाओं और छोटे बच्चों की संख्या अधिक बताई गई है। इनमें करीब चार से पांच महिलाएं, पांच से छह छोटे बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब राज्य में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की ओर से होटलों, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता तथा नियमों के पालन को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है।
हाल ही में एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने चेतावनी दी थी कि नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। भिवंडी की घटना के बाद अब स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एफडीए की जांच तथा आगे की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। शोरमा के नमूनों की जांच और बीमारी के वास्तविक कारण का पता लगना इस मामले में अहम होगा।