Pune-Bengaluru Highway Car Accident: महाराष्ट्र के सातारा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर सड़क की दूसरी लेन में जा गिरी और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई।
सातारा में पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे में पुणे के रहने वाले चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
राजमार्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सातारा जिले के खंडाला तहसील के अंतर्गत आने वाले शिरवल क्षेत्र में सातारा-पुणे लेन पर रात करीब 1:10 बजे हुआ। कार पुणे से सातारा की दिशा में जा रही थी।
अचानक कार ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना संतुलन खो दिया। कार स्पीड में होने के कारण डिवाइडर से टकराने के बाद पलटते हुए विपरीत दिशा से आ रही लेन में चली गई। उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है।
वेदांत अर्जुन वारिंगे (उम्र 19 वर्ष)
सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (उम्र 19 वर्ष)
निखिल बालू राउत (उम्र 20 वर्ष)
आदित्य बालासाहेब गरुड़ (उम्र 19 वर्ष)
ये सभी मृतक पुणे जिले के ही निवासी थे और किसी काम से बाहर निकले थे।
राजमार्ग पुलिस ने बताया कि कार में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए जिनकी उम्र 20 वर्ष है और वे पुणे के कामशेत के निवासी हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बाद में क्रेन की मदद से हटाया गया और राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया गया।