Asian Games Gold Medalist Satara athletes Felicitate: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तिरंगा फहराकर देश और अपने गृह जिले सातारा का नाम रोशन करने वाले एथलीटों का सोमवार को भव्य स्वागत किया गया। डायरेक्टरेट ऑफ स्पोर्ट्स एंड यूथ सर्विसेज, जिला खेल परिषद और जिला खेल अधिकारी कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मान समारोह में पूरा सातारा शहर अपने एशियन गेम्स के नायकों के स्वागत में उमड़ पड़ा।
सातारा जिले के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में सातारा शहर में भव्य रैली निकाली गई। इस रैली में शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के छात्रों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र और नागरिक पूरे रास्ते खिलाड़ियों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई यह रैली गौरव शाहू स्टेडियम पहुंचकर एक भव्य सम्मान समारोह में तब्दील हो गई।
गौरव शाहू स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सातारा के जिला कलेक्टर संतोष पाटिल और जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) निखिल पिंगले ने मंच पर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। एशियन गेम्स 2026 के स्वर्ण पदक विजेता साहिल राजेश जाधव, ऋतुजा दादासाहेब पिसल और सुदेशना शिवंकर को अधिकारियों द्वारा शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर संतोष पाटिल ने कहा, "इन युवा एथलीटों ने न केवल सातारा बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इनकी यह सफलता जिले के हज़ारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। प्रशासन खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।" पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले ने भी खिलाड़ियों की अनुशासित मेहनत और समर्पण की सराहना की।
सम्मान समारोह के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए स्वर्ण पदक विजेता ऋतुजा दादासाहेब पिसल भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि गोल्ड मेडल जीतना और 44 साल बाद इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनना बेहद सुखद अनुभव है। सबसे बड़ी बात यह है कि हमने ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है, जो हमारे लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है।
ऋतुजा पिसल ने सातारा में हुए इस भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन और नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सातारा जिले में आयोजित यह कार्यक्रम बेहद सुंदर और यादगार है। इस भव्य स्वागत ने हमारे गोल्ड मेडल जीतने की खुशी को दोगुना कर दिया है। यह प्यार हमें ओलंपिक में देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने की ऊर्जा देगा।
बता दें कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स में साहिल राजेश जाधव ने दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। साहिल ने पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा में कुशल दलाल और थिरुमुरु गणेश मणिरत्नम के साथ मिलकर चीन को 238-237 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस फाइनल मैच में साहिल ने 100% परफेक्ट '10s' स्कोर करने का कारनामा किया।
वहीं मिश्रित टीम स्पर्धा में साहिल जाधव ने चिकिता तनिपार्थी के साथ मिलकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ ही वे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय कंपाउंड तीरंदाज बन गए हैं।
ऋतुजा दादासाहेब पिसल 20वें एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल थीं। इस टूर्नामेंट में ऋतुजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 गोल दागे।
एशियन गेम्स 2026 में सुदेशना शिवंकर, तमन्ना, स्नेहा एस.एस. और अबिनया राजराजन की भारतीय महिला रिले टीम फाइनल में पहुंची। भारतीय चौकड़ी ने फाइनल में 43.57 सेकंड का सीजन का बेस्ट निकाला, लेकिन वे पोडियम से बेहद करीब महज 0.05 सेकंड से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं।