Sanjay Raut Challenges BJP: महाराष्ट्र की राजनीति में जुबानी जंग एक नए चरम पर पहुँच गई है। शिवसेना के कद्दावर नेता और सांसद संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। एक प्रेस वार्ता के दौरान राउत न केवल बीजेपी के भविष्य को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की, बल्कि विपक्ष के नेताओं पर हो रही कार्रवाई को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
संजय राउत ने एक बेहद आक्रामक बयान देते हुए कहा कि जिस दिन सत्ता उनके हाथ में आएगी, उस दिन भारतीय जनता पार्टी का नामोनिशान मिट जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, जिस दिन हमारे हाथ में सत्ता आएगी, बीजेपी नहीं बचेगी यह टुकड़ों में बिखर जाएगी... वे अपने घरों से बाहर तक नहीं निकल पाएंगे। राउत ने आगे कहा कि बीजेपी के नेता डर के मारे पहले ही भाग जाएंगे और जनता के बीच चेहरा दिखाने लायक नहीं रहेंगे।
पिछले काफी समय से चल रही राजनीतिक उठापटक और कौन टूटेगा, कौन किसे तोड़ेगा जैसे सवालों पर संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। जब उनसे 'ऑपरेशन टाइगर' या पार्टी में टूट की आशंकाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा, दो साल से आप यही बोल रहे हो कि कौन टूटेगा, कौन तोड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इन धमकियों से नहीं डरते और अब बीजेपी के पतन का समय आ गया है।
सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, संजय राउत ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर पर भी अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने ममता बनर्जी को एक लड़ने वाली राजनीतिज्ञ और शेरनी करार दिया। राउत ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे उन्हें चारों तरफ से घेरकर खत्म करना चाहते हैं, लेकिन पूरी विपक्षी एकता उनके साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें: राज ठाकरे के जन्मदिन पर 5 रुपए सस्ता मिल रहा पेट्रोल; मनसे कार्यकर्ताओं की इस पहल ने जीता जनता का दिल
भड़काऊ भाषणों के मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए राउत ने सवाल उठाया कि अगर ममता बनर्जी पर एफआईआर हो सकती है, तो बीजेपी नेताओं पर क्यों नहीं? उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा, अगर भड़काऊ भाषणों पर एफआईआर दर्ज करनी है, तो दिल्ली चुनाव के दौरान अनुराग ठाकुर जैसे लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने यह भी जोड़ा कि उत्तर प्रदेश का हर बीजेपी नेता इसी तरह के भाषण देता है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया जाता।
संजय राउत के इन बयानों ने राज्य और देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। उनका यह कहना कि ममता बनर्जी एफआईआर से डरने वाली महिला नहीं हैं और बीजेपी का अंत करीब है, यह दर्शाता है कि आने वाले समय में सत्ता और विपक्ष के बीच यह संघर्ष और भी उग्र होने वाला है। फिलहाल, राउत का यह पावर शिफ्ट वाला बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।