Chhatrapati Shivaji Maharaj Statue At Navi Mumbai International Airport: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के शिवराज्याभिषेक दिवस के मौके पर प्रतिमा अनावरण के बाद फडणवीस ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने या यहां से जाने वाला हर यात्री महाराज की तस्वीर, प्रतिमा और स्मारक से प्रेरणा एवं ऊर्जा प्राप्त करेगा।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के सम्मानित प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की 20 फुट की कांस्य प्रतिमा लगाई गई है। इसका अनावरण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस मौके पर मंत्री गणेश नाईक और अदिति तटकरे, विधायक प्रशांत ठाकुर और महेश बाल्डी के साथ-साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस को एक पवित्र अवसर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह हिंदवी स्वराज्य की दुनिया भर में स्वीकार्यता का प्रतीक है। सीएम फडणवीस ने कहा कि उन्होंने इस एयरपोर्ट पर प्रतिमा लगाने का सुझाव दिया था क्योंकि यह रायगड जिले में है, जहां स्वराज्य की राजधानी रायगड किला है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस बात पर खुशी जताते हुए बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक मात्र 8 महीने के अंदर बनकर तैयार हो गया। CM ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और सिडको को बधाई दी।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में 4080 करोड़ का मेगा निवेश, फडणवीस सरकार ने किए 2 MoU पर हस्ताक्षर, पैदा होंगे 4750 नए रोजगार
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम दिवंगत किसान नेता डी.बी. पाटिल के नाम पर रखने की लंबे समय से चल रही मांग पर भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति साफ की। CM ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सरकार ने इस नामकरण से जुड़ी सभी जरूरी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। सरकार इस मामले को केंद्र सरकार के साथ सक्रियता से आगे बढ़ा रही है और जल्द ही इस पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है।