वाकड आरएमसी प्लांट प्रदूषण सोर्स- सोशल मीडिया
पुणे

वाकड की पार्क स्ट्रीट सोसायटी के 12 हजार लोग धूल-शोर से परेशान, RMC प्लांट का MPCB ने किया निरीक्षण

Wakad RMC Plant Pollution: वाकड स्थित पार्क स्ट्रीट सोसायटी के प्रवेश द्वार के पास संचालित आरएमसी प्लांट से हो रहे प्रदूषण और भारी वाहनों के खतरे पर एमपीसीबी अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया है।

रूपम सिंह

Highlights

  • पार्क स्ट्रीट सोसायटी के पास RMC प्लांट से प्रदूषण की शिकायत।

  • धूल और शोर से बच्चों, बुजुर्गों की परेशानी बढ़ी।

  • विरोध मार्च के बाद MPCB ने प्लांट का निरीक्षण किया।

  • नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्लांट बंद करने की मांग।

Wakad RMC Plant Pollution Complaint: एक ओर घरों में धूल के गुबार, दूसरी ओर दिन-रात मशीनों का शोर और मुख्य प्रवेश द्वार पर भारी मिक्सर ट्रकों की आवाजाही, वाकड स्थित पार्क स्ट्रीट सोसायटी के करीब 12 हजार निवासियों के लिए आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट के आसपास रहना बड़ी मुसीबत बन गया है। सोसायटी के मुख्य प्रवेश द्वार के पास संचालित इस प्लांट से वायु और ध्वनि प्रदूषण के साथ सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ने की शिकायत निवासियों ने की है।

लगातार परेशानी से त्रस्त नागरिकों ने महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) का दरवाजा खटखटाया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंडल के अधिकारियों ने प्लांट का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया है। अब सवाल यह है कि निरीक्षण के बाद प्रशासन प्रदूषण फैलाने वाले इस प्लांट पर क्या कार्रवाई करता है।

धूल के चलते खिड़कियां खोलना हुआ मुश्किल

सोसायटी के प्रवेश द्वार के पास ही आरएमसी प्लांट होने से सीमेंट के सूक्ष्म कण और धूल के गुबार सीधे आवासीय परिसर तक पहुंच रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि घरों की खिड़कियां खोलना तक मुश्किल हो गया है।

कई लोगों को खांसी, एलर्जी और सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है। दिनभर चलने वाली मशीनों का तेज शोर और देर रात तक कामकाज जारी रहने से लोगों की नींद और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

गेट पर मिक्सर ट्रकों का खतरा

प्रदूषण के साथ भारी वाहनों की आवाजाही ने सुरक्षा का सवाल भी खड़ा कर दिया है। आरएमसी मिक्सर ट्रक और अन्य भारी वाहन सोसायटी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने से गुजरते हैं। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोग आते-जाते हैं। संकरी सड़क पर भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निवासियों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद प्रशासन जागे, इससे पहले ही ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

विरोध मार्च के बाद एमपीसीबी का निरीक्षण

प्लांट के खिलाफ नागरिकों का आक्रोश 22 नवंबर को विरोध मार्च के रूप में सामने आया था। इसके बाद सोसायटी की ओर से स्थानीय नगरसेविका, पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर एमपीसीबी अधिकारी सीमा सावंत ने संबंधित प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान निवासियों ने धूल, ध्वनि प्रदूषण और भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाली परेशानियों की जानकारी दी। पार्क स्ट्रीट सोसायटी की एपेक्स कमेटी के सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे। निरीक्षण में प्लांट के संचालन और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई।

नगरसेविका स्नेहा कलाटे ने प्रशासन से प्लांट की वैध अनुमतियों, पर्यावरणीय नियमों और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्लांट का संचालन बंद कर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही पर उचित प्रतिबंध लगाया जाए।

वाकड नगरसेविका स्नेहा कलाटे ने बाताया की आवासीय परिसरों और स्कूलों के नजदीक चल रहे आरएमसी प्लांट की अनुमतियों और पर्यावरणीय नियमों के पालन की तत्काल जांच होनी चाहिए। प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में खामियां या नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्लांट का संचालन बंद कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, भारी वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंधात्मक उपाय किए जाएं, नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, प्रशासन तत्काल ठोस कार्रवाई करे और उसकी लिखित रिपोर्ट भी दे।

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल पर सियासी लामबंदी तेज; DMK, पवार से खड़गे-राहुल और सोनिया करेंगे मुलाकात

RSS Rashtra Vandanam: दिल्ली में RSS का राष्ट्र वंदनम् कार्यक्रम, 9000 स्वयंसेवकों ने किया योगासन

PM Modi Man Ki Baat: पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम, कहा- इस साल भारतीय युवाओं ने दुनियाभर में बनाई पहचान

Mann Ki Baat: नशामुक्त युवा से लेकर भारतीय कला की वैश्विक पहचान तक, पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें

राहुल गांधी की अपील पर स्टालिन का जवाब, बोले- इतिहास हमें 'एट्टाप्पन' नहीं, 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद करेगा