Pune Sunroof Stunt Warning News: शहर में सनरूफ वाली कारों का बढ़ता चलन अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। तेज रफ्तार गाड़ियों के सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो और रील्स बनाने की प्रवृत्ति युवाओं और बच्चों की जान के लिए बड़ा खतरा बन रही है।
पुणे की सड़कों पर आए दिन बच्चे और युवा चलती कारों के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई देते हैं। यातायात विभाग ने इसे गंभीर सुरक्षा जोखिम बताते हुए नागरिकों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। अधिकारियों का कहना है कि सनरूफ केवल हवा और धूप के लिए बनाया गया फीचर है, इसका उपयोग स्टंट या प्रदर्शन के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
एफसी रोड, डेक्कन, बानेर, औंध, कोरेगांव पार्क, कात्रज, कोंढवा और बिबवेवाड़ी जैसे इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई लोग सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं।
मोटर वाहन अधिनियम 1988 और केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 के अनुसार चलती गाड़ी से शरीर का हिस्सा बाहर निकालना दंडनीय अपराध है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के असंतुलित होने, पेड़ों की शाखाओं या बिजली के तारों से टकराने जैसी घटनाएं गंभीर हादसे का कारण बन सकती हैं।
सनरूफ केवल सुविधा और वायु संचार के उद्देश्य से बनाया जाता है। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना बेहद खतरनाक और यातायात नियमों के विरुद्ध है। ऐसा करने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। अपने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा यातायात नियमों का पालन करें, - स्वप्निल भोसले, उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, पुणे
पुणे से नवभारत लाइव के लिए आरिफ शेख की रिपोर्ट