Lonikand Pune Rave Party: पुणे के लोणीकंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुलापूर इलाके में रविवार की तड़के पुलिस ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। इस सनसनीखेज छापेमारी में पुलिस ने 156 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें 107 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि हिरासत में लिए गए लोगों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
पुणे क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना मिली थी कि तुलापूर के एक रिसॉर्ट बंगले में बिना अनुमति के प्रोजेक्ट X नाम से एक हाई-प्रोफाइल पार्टी चल रही है। सूचना मिलते ही सुबह करीब 2:30 बजे, 15 अधिकारियों और 65 कर्मियों की एक टीम ने वहां धावा बोल दिया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तेजस्वी सातपुते और संयुक्त पुलिस आयुक्त गौहर हसन ने पुष्टि की कि यह पार्टी पूरी तरह अवैध थी और इसके लिए कोई आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी।
पुणे पुलिस की इस कार्रवाई में लगभग 85 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। इसमें 9.22 लाख रुपये की शराब, तीन ग्राम गांजा और प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर के 10 पैकेट शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आयोजकों के पास शराब परोसने की अनुमति शनिवार रात 11:30 बजे तक ही थी, लेकिन पार्टी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पूरी रात चलती रही।
यह भी पढ़ें: यूपी में भाजपा को आंख दिखा पाएंगे महाराष्ट्र के आठवले? विधानसभा चुनाव में RPI ने की 25 सीटों की मांग
पुलिस ने इस पार्टी के मुख्य आयोजकों के रूप में ब्लेज एंटरटेनमेंट के ऐमन शेख और स्टार लाइट एंटरटेनमेंट के यश चौधरी की पहचान की है। इन पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 223, 270 और महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के साथ-साथ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुणे की इस छापेमारी ने एक बार फिर युवाओं के बीच बढ़ते नशे के चलन और अवैध पार्टियों के आयोजन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।