पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में CNG और घरेलू PNG की कीमतें बढ़ीं।
CNG के दाम में 1.25 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई।
अब CNG की नई कीमत 99 रुपये प्रति किलो हो गई है।
घरेलू PNG 1.50 रुपये प्रति SCM महंगी होकर 53 रुपये प्रति SCM पर पहुंची।
Maharashtra Natural Gas Limited CNG PNG Rates Pune: पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में CNG और घरेलू PNG की बढ़ी हुई दरें लागू हो गई हैं।
महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) ने गैस की कीमतों में संशोधन करते हुए CNG के दाम में 1.25 रुपये प्रति किलो और घरेलू PNG के दाम में 1.50 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की है। नई दरें मध्यरात्रि से प्रभावी हो गई हैं।
नई दरों के अनुसार, अब वाहन चालकों को CNG के लिए 99 रुपये प्रति किलो चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं, पुणे महानगरपालिका (PMC) और पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (PCMC) क्षेत्र में घरेलू PNG की नई कीमत 53 रुपये प्रति SCM हो गई है।
महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड के अनुसार, गैस की इनपुट लागत में वृद्धि और रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) की आयात लागत बढ़ने के कारण कीमतों में इजाफा किया गया है। कुल गैस आपूर्ति में आयातित प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी बढ़ने से कंपनी की लागत पर असर पड़ा है।
कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी का दावा है कि संपीड़ित प्राकृतिक गैस (CNG) पेट्रोल और डीजल की तुलना में किफायती बनी हुई है। यात्री कारों में पेट्रोल के मुकाबले करीब 45 प्रतिशत और डीजल के मुकाबले 20 प्रतिशत से अधिक की बचत होती है। वहीं, ऑटोरिक्शा चालकों को भी 20 प्रतिशत से अधिक बचत का लाभ मिलने का दावा किया गया है।
CNG और PNG की नई दरें लागू होने से पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, चाकण, तालेगांव और हिंजेवाड़ी के उपभोक्ताओं को अब गैस के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।
नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट