Highlights:
वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने पुणे मनपा आयुक्त नवल किशोर राम से मुलाकात की।
जलापूर्ति, सीवरेज और वर्षा जल निकासी परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए संभावित मदद के विकल्पों पर विचार हुआ।
Pune Municipal Corporation: विश्व बैंक समूह के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुणे महानगरपालिका (पीएमसी) का दौरा किया। इस दौरान मनपा आयुक्त नवल किशोर राम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की बुनियादी सुविधाओं के विकास, तकनीकी सहयोग और टिकाऊ नागरी सेवाओं को मजबूत बनाने के मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जल क्षेत्र की रीजन प्रैक्टिस डायरेक्टर मारा वॉर्विक ने किया।
बैठक में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर और ओमप्रकाश दिवटे, शहर अभियंता अनिरुद्ध पावसकर, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी उल्का कलसकर, जलापूर्ति विभाग के मुख्य अभियंता नंदकिशोर जगताप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विश्व बैंक समूह के प्रतिनिधियों में अंतरराष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (IBRD) तथा अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (IFC) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। बैठक में पुणे शहर और मनपा में शामिल गांवों में जलापूर्ति, सीवरेज व्यवस्था तथा वर्षा जल निकासी से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की गई। शहर की बढ़ती आबादी और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन सुविधाओं के नियोजन और विस्तार पर जोर दिया गया।
इस दौरान बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए संभावित वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग, संस्थागत क्षमता बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मनपा और विश्व बैंक समूह के बीच सहयोग से शहर में नागरिक सुविधाओं को अधिक भरोसेमंद, समावेशी और टिकाऊ बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
(पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट)