AI और व्यावहारिक कौशल पर मंथन सोर्स- सोशल मीडिया
पुणे

पुणे में 19 नवंबर से जुटेंगे देश-विदेश के शिक्षा विशेषज्ञ, पढ़ाई को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने पर होगा मंथन

IISER Pune Symposium 2026: पुणे के IISER में 19 से 21 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन (RRSPBL 2026) होगा। इसमें उद्योग और शिक्षा के बीच की खाई पाटने, AI और व्यावहारिक कौशल पर मंथन होगा।

प्रमोद यादव

Highlights

  • पुणे के IISER में 19 से 21 नवंबर तक RRSPBL 2026 का आयोजन।

  • MIT विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय, सोलापुर कर रहा है सम्मेलन की मेजबानी।

  • शिक्षा और उद्योग के बीच की खाई कम करने पर होगा मंथन।

  • महाराष्ट्र के मंत्री पंकज भोयर और चंद्रकांत पाटील होंगे शामिल।

Project Based Learning Conference India: पुणे के शिक्षा संस्थानों में मिलने वाली सैद्धांतिक जानकारी और उद्योग जगत की व्यावहारिक जरूरतों के बीच की खाई को पाटने की दिशा में पुणे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल होने जा रही है। विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल और व्यावहारिक अनुभव देने पर देश-विदेश के विशेषज्ञ मंथन करेंगे।

इसके लिए 19 से 21 नवंबर तक भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), पुणे में चौथे ‘रीजनल रिसर्च सिम्पोजियम ऑन प्रोजेक्ट एंड प्रॉब्लम बेस्ड लर्निंग (RRSPBL 2026)’ का आयोजन किया गया है।

एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय, सोलापुर की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधकर्ता, प्राध्यापक और उद्योग विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। डेनमार्क के आल्बोर्ग विश्वविद्यालय के यूनेस्को सेंटर फॉर पीबीएल इन इंजीनियरिंग साइंस एंड सस्टेनेबिलिटी तथा इंडो-यूनिवर्सल कोलैबोरेशन फॉर इंजीनियरिंग एजुकेशन (IUCEE) का भी आयोजन में सहयोग है।

उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के बीच अंतर को दूर करना

सम्मेलन की मुख्य संकल्पना ‘बिल्डिंग ब्रिजेस’ है। इसके तहत स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। मौजूदा समय में शिक्षा संस्थानों में पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम और उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के बीच अंतर को दूर करना बड़ी चुनौती है।

ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही वास्तविक समस्याओं पर काम करने, उनके समाधान खोजने और रोजगार के लिए जरूरी कौशल विकसित करने के अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा होगी।

पाठ्यक्रम में बदलाव से लेकर AI के इस्तेमाल तक चर्चा

तीन दिवसीय सम्मेलन में प्रोजेक्ट आधारित और समस्या आधारित शिक्षण पद्धति के जरिए शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाने पर विचार किया जाएगा। अंतरविषयक शिक्षा, विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता, पाठ्यक्रम में नवाचार, सामाजिक समस्याओं के समाधान और शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उचित उपयोग जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।

इसके अलावा शोधपत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां, विशेषज्ञों के व्याख्यान तथा कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उद्योगों के साथ सहयोग बढ़ाने और विद्यार्थियों को मेंटरशिप उपलब्ध कराने पर भी विशेष सत्र होंगे।

स्कूली शिक्षा सत्र के उद्घाटन में मंत्री और शिक्षाविद होंगे शामिल

19 नवंबर को स्कूली शिक्षा से संबंधित सत्र का उद्घाटन महाराष्ट्र के राज्यमंत्री डॉ. पंकज राजेश भोयर करेंगे। पुणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील और दक्षिण अफ्रीका के फ्यूचर नेशन स्कूल्स के डॉ. सिजवे एरोल नक्साना भी इसमें शामिल होंगे।

वहीं, 20 नवंबर को उच्च शिक्षा से संबंधित सत्र का उद्घाटन राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील करेंगे। IIT रोपड़ के निदेशक प्रा. राजीव आहूजा और डेनमार्क के आल्बोर्ग विश्वविद्यालय के प्रा. जियांग्युन डू भी उपस्थित रहेंगे।

शिक्षा व्यवस्था में व्यावहारिक बदलाव लाने का प्रयास

एमआईटी विश्वप्रयाग विश्वविद्यालय की कार्याध्यक्ष प्रा. स्वाती कराड चाटे के अनुसार, विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान करने में सक्षम बनाना आज की जरूरत है। सम्मेलन के माध्यम से स्कूलों, विश्वविद्यालयों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर शिक्षा व्यवस्था में व्यावहारिक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

सम्मेलन में प्रस्तुत शोधपत्रों में से चयनित गुणवत्तापूर्ण शोधपत्रों को स्कोपस सूचीबद्ध शोध पत्रिका ‘जर्नल ऑफ इंजीनियरिंग एजुकेशन ट्रांसफॉर्मेशन्स’ (JEET) के विशेष अंक में प्रकाशित होने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस पहल से शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे तथा विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।

नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

फिलीपींस में PM मोदी का भव्य स्वागत, बच्चों ने पढ़े संस्कृत श्लोक; आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

प्रिंस विलियम और केट मिडल्टन ने की मुंबई मेट्रो की सवारी, विधान भवन से BKC तक किया सफर

बिलकिस बानो केस में दो दोषियों को SC से मिली जमानत, 2002 से अब तक क्या-क्या हुआ? पढ़ें पूरी टाइमलाइन

महिलाओं को भाभी मत बोलो, दोस्तों को चाय की टपरी पर ले जाओ, बंगाल में BJP नेता के बयान से छिड़ा सियासी संग्राम

Jammu And Kashmir: कुलगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, लश्कर आतंकी लतीफ भट समेत दो आतंकी ढेर