Amit Thackeray Pune Polytechnic College PM Modi Photo Controversy: महाराष्ट्र के पुणे स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमित ठाकरे के दौरे के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल के केबिन में लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को कथित तौर पर मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा हटाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। कॉलेज प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
पुणे गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि अमित ठाकरे के साथ आए MNS कार्यकर्ताओं ने उनके केबिन में लगी प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर को नीचे उतार दिया। इस घटना को लेकर प्रिंसिपल ने शिकायत भी दर्ज कराई है।
प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने कहा कि सोमवार काे दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच अमित ठाकरे कॉलेज में आए थे और उनके साथ करीब 20-25 लोग मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने प्रिंसिपल के केबिन में छत्रपति शिवाजी महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगी देखीं।
तस्वीर देखने के बाद अमित ठाकरे ने कहा कि वहां प्रधानमंत्री की तस्वीर नहीं लगाई जा सकती। इसके बाद उन्होंने अपने साथ मौजूद एक कार्यकर्ता को तस्वीर हटाने के लिए कहा और कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर नीचे उतार दी।
पुणे गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने बताया कि अमित ठाकरे ने कॉलेज और हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने हॉस्टल के टॉयलेट और बाथरूम की साफ-सफाई को लेकर शिकायत की।
कैंटीन में इस्तेमाल होने वाले प्याज की गुणवत्ता पर भी अमित ठाकरे और उनके साथ आए लोगों ने आपत्ति जताई। खराब प्याज को एक कैरेट में लाकर दिखाया गया और कहा गया कि इस तरह के प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
राजेंद्र पाटिल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल के केबिन में लगी तस्वीर को लेकर विवाद हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर उतारी गई। राजेंद्र पाटिल ने बताया कि उन्होंने अमित ठाकरे को इस संबंध में समझाने की कोशिश की कि कॉलेज में तस्वीर लगाने को लेकर सरकार का शासन निर्णय लागू है और उसके अनुसार वह प्रधानमंत्री की तस्वीर को नहीं हटा सकते।
पुणे गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने बताया कि उन्होंने इसी मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि उनके कार्यालय में लगी प्रधानमंत्री की तस्वीर को जबरदस्ती नीचे उतारा गया।
पाटिल ने आगे कहा कि दौरे के दौरान अमित ठाकरे ने कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अपने कार्यकर्ताओं को दोबारा भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि करीब आठ दिन बाद हमारे कार्यकर्ता फिर कॉलेज आएंगे और व्यवस्थाओं की स्थिति देखेंगे। यदि काम नहीं हुआ तो दोबारा लोग यहां फिर आएंगे।