अमित शाह, अजित पवार सोर्स: सोशल मीडिया
पुणे

आखिर किस वजह से महायुति में शामिल हुए थे अजित पवार? पुणे में अमित शाह ने बताई अंदर की बात

Amit Shah on Ajit Pawar: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने अजित दादा को याद किया और उनके महायुति में शामिल होने के पीछे का असली राज खोला।

आकाश मसने

Highlights

  • अमित शाह ने अजित पवार के महायुति में शामिल होने की वजह का खुलासा किया

  • अमित शाह ने कोरोना संकट के अजित पवार के काम को याद किया

  • अजित पवार का जाना पुणे, बारामती और पूरे महाराष्ट्र के लिए बड़ी क्षति

Amit Shah Reveals Why Ajit Pawar Joined Mahayuti: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पुणे में महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान उनसे जुड़े अपने लगाव और उनके कार्यशैली पर विस्तार से बात की। उन्होंने इस दौरान यह भी बताया कि आखिर क्यों अजित दादा महायुति में शामिल हुए।

अमित शाह ने अजित पवार को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा 'दादा' का अचानक और असामयिक निधन एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। विशेष रूप से पुणे, बारामती, पिंपरी और चिंचवड़ क्षेत्रों के लिए।

अमित शाह ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अजित दादा के अचानक चले जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे कभी भरा जा सकेगा। दशकों तक किए गए सामूहिक प्रयासों से भी, जो खो गया है उसकी भरपाई करना असंभव लगता है। यह पूरे क्षेत्र और वास्तव में पूरे महाराष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है।

अमित शाह ने अजित दादा बताया करीबी दोस्त

अजित पवार को करीबी दोस्त बताते हुए अमित शाह ने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर भी यह मेरे लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती, अजित दादा सिर्फ एक करीबी दोस्त ही नहीं बल्कि एक सच्चे सहयोगी भी थे। हमने अचानक एक 'जननेता' को खो दिया है, एक ऐसा व्यक्ति जिसे विकास की गहरी समझ थी और जिसे पंचायती राज, सहकारिता, कृषि और आधुनिक शहरी विकास जैसे क्षेत्रों का व्यापक अनुभव था। वे एक ऐसे नेता थे जिनके पास दूरदर्शिता और एक स्पष्ट विजन था।

अमित शाह ने कहा कि आज भी विश्वास नहीं होता है कि वह हमारे बीच नहीं है। उनका व्यक्तित्व इतना जीवंत और सकारात्मक था कि आज भी अगर मैं अपनी आंखें बंद करूं, तो मुझे अजित दादा बिल्कुल अपने सामने खड़े दिखाई देते हैं। वे एकदम स्पष्ट विचारों वाले इंसान थे; अगर कोई काम हो सकता था, तो उनका जवाब 'हां' होता था और अगर नहीं, तो 'ना'।

राजनीति में राजनीतिक फैसले लेते समय गोलमोल या दोहरे अर्थ वाली भाषा का इस्तेमाल करना काफी आम बात है और अक्सर इसे स्वाभाविक ही माना जाता है। इसे नकारात्मक रूप से भी नहीं देखा जाता क्योंकि राजनीति अक्सर कई संभावनाओं पर टिकी होती है, ऐसे में एक ऐसा रुख अपनाना आम बात है जिसमें कई तरह के संभावित नतीजे शामिल हों। फिर भी, महत्वपूर्ण राजनीतिक बातचीत के दौरान, मैंने हमेशा अजित दादा को एकदम स्पष्ट पाया और उनका जवाब हमेशा साफ तौर पर 'हां' या 'ना' होता था।

महायुति में शामिल होने के फैसले पर क्या बोले अमित शाह?

इसी बीच, अजित पवार के महायुति में शामिल होने के राज को खोलते हुए अमित शाह ने कहा कि जब यह पता चला कि वह महायुति में शामिल होना चाहते हैं तो मुझे हैरानी हुई। मैंने उनसे कहा कि आपके इस फैसले से सभी को झटका लगेगा। तब उन्होंने मुझसे कहा कि अमित भाई हर चीज का एक कालखंड होता है और जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, देश विकास की नई राह पर है।

अजित पवार ने अमित शाह से कहा था कि मैं महाराष्ट्र और देश के विकास के साथ जुड़ना चाहता हूं इसीलिए महायुति में शामिल होना चाहता हूं। अमित शाह ने कहा कि इस घटना के बाद से मेरा उनका रिश्ता काफी घनिष्ठ हो गया।

अजित पवार के कोविड काल के समर्पण को किया याद

अमित शाह ने कहा कि अजित पवार में जिस तरह का साहस था, वैसा साहस बहुत कम लोगों में देखने को मिलता है। कोविड दौर का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता से कुछ बात शेयर करना चाहता हूं कि जब कोविड आया तब अजित पवार MVA सरकार में थे, भीषण संकट का समय था।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी ने माहौल भयावह बना दिया था। बीमारी से लड़ने के लिए दवाइयां नहीं थी। गृह मंत्रालय के पास आपदा का काम आता है और हर राज्य के सीएम से मैं उन दिनों बात करता था। हालांकि, उन दिनों महाराष्ट्र के सीएम से बात नहीं हो पाती थी लेकिन अजित पवार से फोन पर बात होती थी।

अमित शाह ने कहा कि आप सभी को हैरानी होगी कि अजित पवार सुबह 7 बजे सचिवालय में होते थे, जब लोगों में कोविड फैलने का भय होता था, वह लैंडलाइन से मेरे फोन का जवाब देते थे।

अजित पवार जमीन से जुड़े नेता थे: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अजित पवार का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसे कई नेता हैं जिन्होंने जमीनी स्तर से शुरुआत की और सर्वोच्च पदों तक पहुंचे। मैं ऐसे कई लोगों से मिला हूं लेकिन उनमें से बहुत कम ऐसे हैं जो शिखर पर पहुंचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहे, जमीनी स्तर पर नजर रखी और लोगों के साथ एक गहरा और सच्चा जुड़ाव बनाए रखा। यह संवेदनशीलता उनमें अंत तक बनी रही।

अजित पवार का बारामती और चिंचवड़-पिंपरी से खास लगाव

शाह ने बताया कि जब भी अजित पवार का मुझे फोन आता, तो उनका पूरा ध्यान पुणे जिले खासकर बारामती और चिंचवड़-पिंपरी पर ही केंद्रित होता था।

अजित पवार जोर देकर कहते थे, देखिए अमित जी भले ही राजनीतिक रूप से मैं आपके पक्ष में नहीं हूं लेकिन पुणे, चिंचवड़-पिंपरी और बारामती के साथ कोई अन्याय नहीं होना चाहिए। कोई व्यक्ति इतने अधिकार के साथ तभी बात कर सकता है जब उसका दिल से गहरा जुड़ाव हो। उन्होंने अपना पूरा जीवन सहकारी क्षेत्र को समर्पित कर दिया। बारामती के विकास में अजित पवार का बहुत बड़ा योगदान है।

अमित शाह ने कहा कि अजित दादा की एक बात जो मुझे काफी अच्छी लगती थी कि वे डिप्टी सीएम होने के बावजूद लोगों के बीच में रहते थे। उन्होंने कई बार मुझसे कहा कि उनके घर के दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले हैं।

सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत से क्यों भिड़ा वकील? जानें कोर्टरूम में क्या-क्या हुआ

स्पेन में गिरफ्तारी के बावजूद बिग बी को कैसे दी धमकी? जानें कौन है गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों

फिलीपींस में PM मोदी का भव्य स्वागत, बच्चों ने पढ़े संस्कृत श्लोक; आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

प्रिंस विलियम और केट मिडल्टन ने की मुंबई मेट्रो की सवारी, विधान भवन से BKC तक किया सफर

बिलकिस बानो केस में दो दोषियों को SC से मिली जमानत, 2002 से अब तक क्या-क्या हुआ? पढ़ें पूरी टाइमलाइन