नासिक : शहर की सड़कें बदहाल हालत में हैं जिससे आए दिन यहां के लोगों के परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे बने हुए हैं जो सड़क दुर्घनाओं का कारण भी बन रहे हैं। बदहाल सड़कों के कारण न केवल वाहन चालकों को परेशानी होती है बल्कि पैदल चलने वाले भी सुरक्षित महसूस नहीं करते। सड़क पर बने गड्ढों से धूल की समस्या भी पैदा हो गई है जिससे दोपहिया वाहन और पैदल चलने वालों को खासी परेशानी होती है।
ऐसे में अब इन समस्याओं से निपटने के लिए और शहर के लोगों की सुविधा के लिए मनपा ने खास पहल की है। मनपा ने नागरिकों को गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत करने के लिए एक मंच प्रदान किया है। इसके जरिए नागरिक अब मनपा की वेबसाइट, व्हाट्सएप नंबर या सीधे अधिकारियों से संपर्क करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
मनपा आयुक्त डॉ. अशोक करंजकर ने निर्माण विभाग को मिलने वाली इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। नतीजतन मनपा ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने के लिए कदम उठाए हैं। शहर की सड़कों पर गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। हाल ही में अडगांव इलाके में गड्ढों के कारण एक महिला की जान चली गई थी। महाराष्ट्र की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
ऐसी घटनाओं के सामने आने से मनपा ने गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर गंभीर रुख अपनाया है और समस्या से निपटने के लिए शिकायतें प्राप्त करने और कार्रवाई करने की व्यवस्था स्थापित की है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत नगर निगम की वेबसाइट (http://grievance.nm utilities.in), हेल्पलाइन नंबर (7030300030) या व्हाट्सएप नंबर (7972154793) के माध्यम से कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर की सड़कें सुरक्षित और अच्छी तरह से बनी रहें।