पुणे: शहर में आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जानें जाती हैं। ऐसे में इसकी रोकथाम के लिए परिवहन विभाग की ओर से अलग-अलग कोशिशें की जा रही हैं। इसी के चलते पुणे परिवहन विभाग की ओर से नए नियम भी लागू किए जा रहे हैं। अब दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए एक नया नियम लागू किया गया है। ये नियम दोपहिया चालक के साथ बैठने वाले सहयात्री के लिए बनाया गया है। अगर आप भी स्कूटी या बाइक चलाते हैं और बैक सीट पर किसी को बैठाकर ड्राइव करते हैं, तो ये नियम जरूर जान लें। इस नियम का पालन न करने पर नुकसान आपकी जेब को झेलना पड़ सकता है।
सहयात्री को हेलमेट पहनना अनिवार्य
पुणे परिवहन विभाग की ओर से हाल ही में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए सख्ती से नियम लागू किया गया है। अब नए नियम के मुताबिक वाहन चालक के साथ पीछे बैठे सह-यात्री को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य हो गया है। इस नियम का पालन न करने पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट पहने सवार होने पर वाहन चालक को भारी जुर्माना भरना होगा। राज्य के परिवहन विभाग सभी पुलिस बलों को अगले कुछ दिनों में सख्ती से ये कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
दरअसल, सड़क हादसों के दौरान वाहन चालक के साथ पीछे सवार सहयात्री के मरने और गंभीर रूप से जख्मी होने के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। हेलमेट पहनने की सख्ती होने के बावजूद वाहन चालक हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करते। चालक ही हेलमेट नहीं पहनता तो पीछे सवार व्यक्ती भी बिना हेलमेट के ही गाड़ी पर बैठ जाता है। इसलिए अब वाहन चालक और वाहन पर पीछे सवार सहयात्री के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। साल भर में पुणे शहर में हेलमेट को लेकर की गई कार्रवाईयों की संख्या काफी बढ़ गई है। अब सहयात्री को हेलमेट पहनने के नियम का सख्ती से पालन न करने पर वाहन सवारों की जेब पर इसका भारी असर पड़ सकता है।
ई-चालान मशीन में होंगे जरूरी बदलाव
अब तक दोपहिया पर पीछे बैठे व्यक्ति पर कभी कोई कार्रवाई नहीं की जाती थी। लेकिन अब उनकी सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में हेलमेट न पहनने पर कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए ई-चालान मशीन में जरूरी बदलाव भी किए जा रहे हैं। यातायात के नियमों का पालन करना जनता के लिए अनिवार्य हो गया है। किसी भी नियम का उल्लंघन करने पर चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से परिवहन विभाग तुरंत कार्रवाई कर रहा है। इससे चालान की रसीद बड़ी ही आसानी से सीधे वाहन चालक के घर पर भेजी जा रही है। यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग सख्ती से एक्शन ले रहा है।