Nashik Road Railway Station: नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर हुई एक बड़ी चोरी का नासिक रोड रेलवे पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सफल खुलासा कर दिया है। 17 जून को तपोवन एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक महिला यात्री के पर्स से साढ़े चार लाख रुपये के सोने के आभूषण चुराने वाली महिला चोर को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस की सक्रियता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता अपर्णा श्रीगोंदेकर (भुसावल निवासी) तपोवन एक्सप्रेस से नांदेड़ जाने के लिए नासिकरोड रेलवे स्टेशन पहुँची थीं। ट्रेन में सवार होते समय स्टेशन पर मौजूद भारी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने उनके पर्स से सोने के हार वाली छोटी पर्स उड़ा ली थी। पर्स गायब होने का पता चलते ही महिला यात्री ने नासिकरोड रेलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने स्टेशन और उसके आसपास के करीब 15 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गहन विश्लेषण के बाद एक संदिग्ध महिला को चिह्नित किया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढ़ें:- नासिक में नाले में तब्दील हो रही नंदिनी नदी; सामाजिक कार्यकर्ता का आरोप- मनपा और बिल्डरों ने रची साजिश
पकड़ी गई महिला की पहचान लक्ष्मी गणेश सखरे (47) के रूप में हुई है, जो मूलतः भोपाल (मध्य प्रदेश) की रहने वाली है और वर्तमान में नासिक शहर के ओझर (10वां मील) में रह रही है। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।