Nashik Godavari River Ramkund Accident: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नासिक से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पवित्र गोदावरी नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध रामकुंड में स्नान करने के दौरान मुंबई से आए 4 किशोर गहरे पानी में समाने लगे। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की तत्परता और गोताखोरों की मदद से तीन बच्चों को तो सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक 14 वर्षीय मासूम को नहीं बचाया जा सका। पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक बच्चे की पहचान 14 वर्षीय गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है, जो मुंबई का रहने वाला था। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और साथ आए अन्य श्रद्धालुओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई से लगभग 40 श्रद्धालुओं का एक समूह धार्मिक यात्रा पर निकला था। इस दल का पहला पड़ाव तीर्थ क्षेत्र नासिक था। तय योजना के मुताबिक, सभी श्रद्धालुओं को शनिवार सुबह नासिक के ऐतिहासिक और पवित्र रामकुंड में गोदावरी नदी में स्नान और पूजा-अर्चना करनी थी। इसके बाद इस पूरे जत्थे को साईं बाबा के दर्शन के लिए शिर्डी रवाना होना था।
सुबह के समय सभी लोग बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ रामकुंड पहुंचे। यात्रा पर आए बच्चे भी अन्य श्रद्धालुओं के साथ गोदावरी के जल में स्नान करने उतरे। इसी दौरान चार किशोर पानी के बहाव और कुंड की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक गहरे पानी की ओर चले गए। देखते ही देखते चारों बच्चे पानी में छटपटाने लगे और डूबने लगे।
बच्चों को पानी में डूबता देख घाट पर खड़े अन्य श्रद्धालुओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय नागरिक, तीर्थ पुरोहित और तटीय सुरक्षा में तैनात लाइफगार्ड्स तुरंत हरकत में आ गए।
स्थानीय तैराकों और जीवन रक्षकों ने गोदावरी नदी के में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तीन बच्चों को पानी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर खींच लिया। हालांकि, गहरे पानी में जाने के कारण 14 वर्षीय गोपाल गुप्ता का सुराग तुरंत नहीं मिल सका। जब तक उसे पानी से निकालकर बाहर लाया गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय नागरिकों और जीवन रक्षकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। तीन बच्चों को बचा लिया गया, लेकिन गोपाल गुप्ता को नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नासिक जिला प्रशासन और जीवन रक्षक दल ने श्रद्धालुओं से नदी में उतरते समय सतर्क रहने की अपील की है।