Nashik TDR Market Impact: नासिक मनपा द्वारा नई इमारतों के निर्माण में प्रीमियम एफएसआई और टीडीआर का 50-50 प्रतिशत उपयोग अनिवार्य किए जाने के कारण टीडीआर बाजार पर मुट्ठी भर बिल्डरों का वर्चस्व कायम हो गया है।
पिछले छह महीनों में टीडीआर की दरें 38 प्रतिशत से बढ़कर 42 प्रतिशत और अब सीधे 60 प्रतिशत तक पहुंच गई हैं। इसके कारण अन्य डेवलपर्स की मुसीबतें बढ़ गई हैं, घरों की कीमतें महंगी हो रही हैं और मनपा में नई निर्माण अनुमतियों का प्रमाण भी घटने लगा है।
टीडीआर का बड़ा कारोबार करने वाले कुछ गिने-चुने व्यवसायी किसानों या जमीन मालिकों से महज 15 प्रतिशत की दर से टीडीआर खरीदते हैं, लेकिन बाजार में उसे बहुत ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इससे मूल जमीन मालिकों के साथ बड़ी धोखाधड़ी हो रही है।
टीडीआर कारोबारियों द्वारा इसे 75 प्रतिशत तक ले जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे नासिक में घर और अधिक महंगे होने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। टीडीआर की दरें अत्यधिक बढ़ने के कारण आम बिल्डरों के लिए घर बनाकर बेचना मुश्किल हो रहा है।
इसके चलते नगर विकास विभाग के पास नई निर्माण अनुमतियों के आवेदन कम आ रहे हैं, जिससे मनपा को विकास शुल्क के रूप में मिलने वाला बड़ा राजस्व भी घटने लगा है, बिल्डरों व डेवलपर्स की संस्था क्रेडाई ने टीडीआर के 50 प्रतिशत उपयोग की अनिवार्यता को तुरंत वापस लेने की मांग की है। इस संदर्भ में मनपा आयुक्त को दो बार ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।