नासिक : नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। विधानपरिषद चुनाव में शिवसेना (शिंदे गुट) के किशोर दराडे ने जीत हासिल की है। दराडे ने ठाकरे गुट के संदिप गुलवे को हराया। नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 21 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। चुनाव जीतने के बाद किशोर दराडे कहा कि मैंने शिक्षकों के लिए काम किया है। इसलिए मेरे सामने किसी की भी चुनौती नहीं थी। जिसके कारण मेरी जीत हुई। मैं इस जीत का श्रेय शिक्षकों को दुंगा।
जानकारी के अनुसार, नासिक सीट पर देर रात तक मतगणना जारी रही। तीसरे राउंड तक दराडे 26 हजार 475 मतों से आगे चल रहे थे। निर्दलीय विवेक कोल्हे को 17 हजार 372 वोट मिले। वहीं ठाकरे गुट के संदिप गुलवे को 16 हजार 280 वोट मिले। कुल मतदान में से 63 हजार 51 वोट वैध पाए गए। जबकि 1702 वोट अवैध पाए गए। जीत के लिए 31 हजार वोट चाहिए थे।
मतगणना के दौरान कुल 5 वोट अवैध पाए गए । इसमें निफाड और येवला में 1- 1 मतपत्र मिला। जबकि चोपड़ा तहसील में 3 मतपत्र मिले। इस पर ठाकरे गुट ने आपत्ती जताई और कार्रवाई करने की मांग की है। इसके कुछ देर बाद मतगणना को रोक दिया गया था। हालांकि इसे दोबारा शुरू किया गया और मंगलवार को सुबह नतीजे घोषित किए गए। इसमें करीब 9 हजार से अधिक मतों से शिंदे गुट के किशोर दराडे विजयी हुए। जीत के बाद दराडे ने अपना जीत का श्रेय शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि मैंने शिक्षकों के लिए काम किया है। इसलिए मेरे सामने किसी की भी चुनौती नहीं थी। जिसके कारण मेरी जीत हुई। मैं इस जीत का श्रेय शिक्षकों को दुंगा।
महाराष्ट्र विधानपरिषद के चार निर्वाचन क्षेत्र में से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने मुंबई स्नातक और मुंबई शिक्षक सीट पर जीत हासिल की जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोंकण स्नातक सीट पर विजयी रही। वहीं, शिवसेना शिंदे गुट ने नासिक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल की है। 26 जून को महाराष्ट्र विधानपरिषद के द्विवार्षिक चुनाव हुए थे। जिसके नतीजे दो जुलाई को जारी किए गए।