Nida Khan Pregnancy Claim: महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में सामने आए यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के चौंकाने वाले मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। पिछले काफी समय से फरार चल रही इस मामले की मुख्य आरोपी और कर्मचारियों के बीच 'दबंग मैम' के नाम से कुख्यात एचआर मैनेजर निदा खान (Nida Khan) की लोकेशन का पता चल गया है। उसने अब कानून की पकड़ से बचने के लिए एक नया पैंतरा अपनाया है।
नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) की सख्ती के बीच निदा खान के परिवार ने दावा किया है कि वह इस वक्त मुंबई में है। गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा ने नासिक की एक स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए याचिका दायर की है। सूत्रों के मुताबिक, निदा खान ने दावा किया है कि वह गर्भवती (Pregnant) है और इसी आधार पर उसने कोर्ट से गिरफ्तारी से राहत यानी अग्रिम जमानत की गुहार लगाई है। उसने अदालत से मानवीय आधार पर राहत की मांग की है, जिसे पुलिस हिरासत से बचने की एक कानूनी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब नासिक के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के परिवार ने आरोप लगाया कि निदा खान और उसके साथियों ने मिलकर उनका धर्मांतरण कराने की कोशिश की। पीड़ित इंजीनियर का दावा था कि निदा ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और धीरे-धीरे उस पर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाना शुरू किया। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि उसे नशीले पदार्थ दिए गए और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
निदा खान के परिवार ने दावा किया कि वह BPO की ह्यूमन रिसोर्स (HR) टीम के लिए काम नहीं करती हैं। उनका पद टेली-कॉलर का है, और वह सेल्स टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने दिसंबर 2021 में BPO जॉइन किया था और वह इसके सीनियर कर्मचारियों में शामिल नहीं हैं। वह कभी भी HR टीम से जुड़ी नहीं रही हैं। निदा खान का परिवार मुंबई में लकड़ी का कारोबार करता है। उसके दो भाई-बहन हैं, एक छोटा भाई और एक बड़ी बहन। इन सभी ने अपनी पढ़ाई नासिक से पूरी की है। निदा के पास कॉमर्स में बैचलर डिग्री है और वह अभी काम करते हुए कॉरेस्पोंडेंस के ज़रिए MBA कर रही हैं। निदा खान अभी मुंबई में हैं और अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। अग्रिम ज़मानत के लिए एक अर्ज़ी दायर की गई है।
नासिक टीसीएस कार्यालय में फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच हुई घटनाओं ने कॉरपोरेट जगत को हिला कर रख दिया है। पुलिस फिलहाल यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़ी 9 अलग-अलग शिकायतों की गहन जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एचआर अश्विनी चैननी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- निदा खान सिखाती थी बुर्का पहनना, HR हेड ने ऐसे रचा था धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न का खौफनाक खेल!
पुलिस ने इस मामले में 'लव जिहाद' और जबरन धर्मांतरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, निदा खान भूमिगत हो गई। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी। अब अचानक उसकी तरफ से कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई है।