नासिक कुंभ सीवरेज टेंडर सोर्स: सोशल मीडिया
नासिक

जमीन का ठिकाना नहीं और 161 करोड़ का टेंडर तैयार! नासिक सिंहस्थ कुंभ के साधुग्राम प्रोजेक्ट पर उठे सवाल

Nashik Kumbh: नासिक सिंहस्थ कुंभ से पहले साधुग्राम में 120.18 किमी सीवरेज नेटवर्क के लिए 161.32 करोड़ का टेंडर जारी। जरूरी जमीन अधिग्रहण अधूरा, छह महीने में काम पूरा करने की शर्त।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • नासिक मनपा ने साधुग्राम और आसपास सीवरेज नेटवर्क के लिए 161.32 करोड़ रुपये की ई-निविदा जारी की।

  • छह सेक्टरों में 120.18 किमी आरसीसी पाइपलाइन, 5,220 मैनहोल और 4,500 प्रॉपर्टी चैंबर बनाए जाएंगे।

  • आवश्यक जमीन का अधिग्रहण अभी अधूरा, जबकि पाइपलाइन का काम छह महीने में पूरा करने की शर्त रखी गई है।

Nashik Kumbh Sewerage Tender: सिंहस्थ कुंभमेले से पहले साधुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत सीवरेज नेटवर्क बनाने के लिए नासिक महानगरपालिका ने 161.32 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। छह सेक्टरों में 120.18 किमी पाइपलाइन बिछाई जानी है, लेकिन परियोजना के लिए जरूरी पूरी जमीन अभी मनपा के कब्जे में नहीं आई है। इसके बावजूद छह महीने में काम पूरा करने की शर्त रखी गई है।

जमीन अधूरी, 161 करोड़ का सीवरेज टेंडर जारी

नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत साधुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत सीवरेज नेटवर्क विकसित करने के लिए नासिक महानगरपालिका ने 161 करोड़ 32 लाख 93 हजार 942 रुपये की ई-निविदा जारी की है। हालांकि, साधुग्राम के लिए आवश्यक पूरी जमीन अभी तक मनपा के कब्जे में नहीं आई है। इसके बावजूद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

छह सेक्टरों में 120.18 किमी पाइपलाइन

परियोजना के तहत साधुग्राम के छह सेक्टरों में कुल 120.18 किलोमीटर लंबा भूमिगत आरसीसी सीवरेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसमें 200 से 1,400 मिलीमीटर व्यास की पाइपलाइन बिछाने का काम शामिल है। इसके अलावा करीब 5,220 गोल मैनहोल, 4,500 प्रॉपर्टी चैंबर और प्रॉपर्टी कनेक्शन भी बनाए जाएंगे।

कुंभमेले के दौरान साधुग्राम में बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जाती है। ऐसे में सीवरेज नेटवर्क को महत्वपूर्ण बुनियादी सुविधा माना जा रहा है।

जमीन अधिग्रहण प्रशासन के लिए चुनौती

निविदा की शर्तों के अनुसार, परियोजना के लिए जरूरी जमीन का कुछ हिस्सा ही फिलहाल मनपा के कब्जे में है। शेष जमीन का अधिग्रहण जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से किया जा रहा है। यह जमीन चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।

निविदा में यह भी शर्त रखी गई है कि जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण काम में देरी होती है तो ठेकेदार को किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जाएगा। इस शर्त के चलते ठेकेदारों की भागीदारी और परियोजना की समयसीमा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

छह महीने में काम पूरा करने की शर्त

करीब 120 किलोमीटर लंबी खुदाई और पाइपलाइन बिछाने का काम मात्र छह महीने में पूरा करने की शर्त रखी गई है। इस अवधि में मानसून का समय भी शामिल है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित रहने और मौसम की चुनौतियों के बीच निर्धारित समय में पूरा नेटवर्क तैयार करना ठेकेदार के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है।

कुंभ के बाद अस्थायी ढांचा हटाना होगा

निविदा की शर्तों के अनुसार, कुंभ मेले के बाद अस्थायी रूप से बिछाई गई पाइपलाइन, मैनहोल और चैंबर को अभियंताओं के निर्देशानुसार हटाना होगा। हटाए गए ढांचे को मनपा की जमीन पर जमा कराने की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की होगी।

दिसंबर में खुलेंगी निविदाएं

निविदा की बिक्री 13 नवंबर से शुरू हो चुकी है। 20 नवंबर को प्री-बिड बैठक आयोजित की जाएगी। निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की गई है। तकनीकी निविदाएं 4 दिसंबर और वित्तीय निविदाएं 9 दिसंबर को खोली जाएंगी।

जमीन अधिग्रहण की मौजूदा स्थिति, छह महीने की समयसीमा और मानसून की चुनौती को देखते हुए अब परियोजना का क्रियान्वयन किस तरह आगे बढ़ता है, इस पर नजर रहेगी।

छठ पूजा से ₹65,000 करोड़ की होगी कमाई! UP, बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों की चमकेगी अर्थव्यवस्था

IndiGo की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट लौटा विमान

सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान, दिल्ली में विमोचन पर जुटेंगे कई दिग्गज; राजनीतिक संदेश देने की तैयारी

आगामी चुनाव से पहले अभिजीत दीपके ने पसारे पैर, CJP ने यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में बनाई समितियां

भारत समिट: राहुल गांधी के समर्थन में खुलकर बोले यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव, केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल